अंकिता भंडारी हत्याकांड : CBI ने अज्ञात VIP के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा,जांच शुरू।

अंकिता भंडारी हत्याकांड : CBI ने अज्ञात VIP के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा,जांच शुरू।

देहरादून-03 फरवरी 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड में जांच का दायरा अब और बढ़ गया है। मामले से जुड़े कथित वायरल ऑडियो के बाद पैदा हुए राजनीतिक और सामाजिक विवाद के बीच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अज्ञात VIP के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में लंबे समय से चर्चा में रहे VIP एंगल की आधिकारिक जांच शुरू हो गई है।

FIR दर्ज होने के तुरंत बाद CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा – 2) की एक टीम सोमवार को जांच के लिए उत्तराखंड पहुंची। सूत्रों के अनुसार, टीम स्थानीय पुलिस और SIT द्वारा अब तक जुटाए गए दस्तावेजों, सबूतों और गवाहों के बयानों की जांच करेगी। इसके अलावा, पहले से दर्ज बयानों और डिजिटल साक्ष्यों की भी नए सिरे से समीक्षा की जाएगी।

पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से जुड़े कथित वायरल ऑडियो सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया था। ऑडियो में उठाए गए सवालों के चलते हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर नई बहस शुरू हुई, जिसके बाद CBI जांच की मांग तेज हो गई।

सोशल मीडिया वीडियो से बढ़ा विवाद⤵️

यह मामला उस समय और तूल पकड़ गया जब भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक कथित VIP का जिक्र किया और यह भी कहा कि एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पास इस मामले से जुड़ी अहम जानकारी है। इसके बाद राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिए।

मुख्यमंत्री की सिफारिश के बाद CBI ने संभाली जांच⤵️

राज्य में बढ़ते दबाव के बीच 9 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की संस्तुति की थी। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब CBI ने औपचारिक रूप से केस अपने हाथ में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!