गैरसैंण चिकित्सालय में हुई विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती।
गैरसैंण-04 फरवरी 2026
रिपोर्ट- पुष्कर सिंह रावत
लंबे इंतजार व आंदोलनों के बाद आखिरकार गैरसैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सरकार द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर दी गयी है,जिसको लेकर आमजन सहित जनप्रतिनिधियों ने इसे जनता के संघर्षों की जीत बताया है.गैरसैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अब स्त्री रोग विशेषज्ञ,बाल रोग विशेषज्ञ,एनेस्थेसियोलॉजिस्ट व एक अस्थि रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति कर दी गयी है ।
गैरसैंण क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई बार आम जनता को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा था,पूर्व में व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह बिष्ट व नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी व पूर्व राज्य मंत्री सुरेश कुमार बिष्ट के नेतृत्व में अलग-अलग समय पर बड़े आंदोलन भी चलाए गये थे.प्रदेश में सरकार चाहे भाजपा की रही हो या कांग्रेस की गैरसैंण क्षेत्र की जनता को बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हमेशा से ही दो चार होना पड़ा है।
बता दें कि गैरसैंण विकासखण्ड के खनसर क्षेत्र व घनियाल गांव की प्रसूता व नवजात शिशु की अलग-अलग समय में इलाज के अभाव में मौत हो गई थी. जिसके बाद हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों को सड़कों पर उतरकर बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ा था.वहीं,अब गैरसैंण चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति हो जाने से आम जनता ने भी राहत की सांस ली है व बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी है।
✅विशेषज्ञ चिकित्सकों की हुई नियुक्ति⤵️
विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे गैरसैंण अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ अर्जुन रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब स्त्री रोग विशेषज्ञ,बाल रोग विशेषज्ञ,एनेस्थेसियोलॉजिस्ट व एक अस्थि रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति कर दी गयी है.
✅सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध-विधायक अनिल नोटियाल⤵️
विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति को लेकर क्षेत्रीय विधायक अनिल नोटियाल ने कहा कि हमारी सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है,और लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं की मजबूती को लेकर सरकार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र-वाशियों की गैरसैंण चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग थी,जिसको लेकर उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चिकित्सकों की नियुक्ति का आग्रह किया था. वो मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री का गैरसैंण में चिकित्सकों की नियुक्ति को लेकर आभार प्रकट करते हैं. कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके इसको लेकर गैरसैंण अस्पताल के लिए धीरे-धीरे और संसाधन जुटाए जा रहे हैं।
✅विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी किया जाए-मोहन भंडारी⤵️
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि
यह हर्ष का विषय है कि सरकार ने आम जनता की बात सुनी है और स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की नियुक्ति करना शुरू कर दिया है। कहा कि निश्चित तौर पर इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को ऊर्जा मिलेगी और क्षेत्रवासियों को इसका लाभ होगा। साथ ही कहा कि हमने शासन से मांग की थी कि स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स के साथ यहां पर एक आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी किया जाए जिससे सही रूप से स्पेशलिस्ट डॉक्टरों का लाभ क्षेत्रवासियों को मिल सके कहा हमें उम्मीद है कि शासन-प्रशासन की ओर से आन्दोलन के दौरान एडीएम और सीएमओ चमोली द्वारा जो लिखित रूप में इसके लिए आश्वासन दिया गया था वह निश्चित रूप से पूरा होगा यही हम उम्मीद करते हैं।
✅सुरेश बिष्ट ने सरकार से जल्द रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की भी करी मांग⤵️
पूर्व राज्य मंत्री व वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य सुरेश कुमार बिष्ट ने कहा कि गैरसैंण चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सरकार का सराहनीय कदम है।उन्होंने कहा कि आये दिन गर्भवती महिलाएं इलाज के अभाव में दम तोड़ देती हैं। वहीं अब स्त्री रोग विशेषज्ञ व बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति होने से हमारी माता, बहनों व नोनिहालों को इसका लाभ मिलेगा व इलाज को लेकर रानीखेत, हल्द्वानी व श्रीनगर देहरादून नही जाना पड़ेगा। उन्होंने गैरसैंण में सरकार से जल्द रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की भी मांग की है।
