केंद्रीय बजट 2026 से उत्तराखंड को नई उम्मीद,विकास की मजबूत नींव:- सीएम धामी

केंद्रीय बजट 2026 से उत्तराखंड को नई उम्मीद,विकास की मजबूत नींव:- सीएम धामी

हल्द्वानी (नैनीताल)-04 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज लगभग दो बजे हल्द्वानी पहुंचे, जहां एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 को उत्तराखंड के लिए विशेष बजट बताते हुए इसे विकसित भारत की नींव करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट जन-मन की आवश्यकताओं के अनुरूप है और इससे स्थायी रोजगार के अवसर सृजित होंगे। सीएम धामी ने कहा कि अगले माह राज्य का बजट प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके लिए सरकार प्री-बजट चर्चाएं कर रही है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सराहना करते हुए कहा कि बजट देश की दिशा और गति तय करेगा।

ग्रामीण विकास और नारी शक्ति बजट की आत्मा⤵️

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट को ग्रामीण क्षेत्रों को केंद्र में रखकर प्रस्तुत किया गया है। नारी शक्ति इस बजट की आत्मा है, जबकि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष फोकस किया गया है। उत्तराखंड, हिमाचल, असम और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन के साथ विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पर्यटन, ट्रांसपोर्ट और टियर-2, टियर-3 शहरों को लाभ⤵️

सीएम ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रेकिंग ट्रेल्स को बढ़ावा मिलने से पर्यटन को गति मिलेगी। उड़ान योजना के विस्तार से परिवहन सुविधाएं मजबूत होंगी और टियर-2 व टियर-3 शहरों को विशेष लाभ मिलेगा।उन्होंने बताया कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग जैसे संस्थानों से पर्यटन क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

रेलवे को मिला 4,769 करोड़ का बजट⤵️

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उत्तराखंड को रेलवे के लिए 4,769 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जो 2009-14 की तुलना में 26 गुना अधिक है। नई ट्रेनों से राज्य में आवागमन और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।उन्होंने कहा कि बजट में ग्रीन एनर्जी और सतत विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। राज्य के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड को आगे बढ़ाया जा रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम को भी और मजबूत किया जा रहा है।

हल्द्वानी सहित तराई – भाभर क्षेत्र के विकास को नई गति : मुख्यमंत्री⤵️

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में हल्द्वानी को 2200 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिससे सीवर, पेयजल, सौंदर्यकरण सहित विभिन्न विकास योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय व राजकीय राजमार्गों का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण लगातार जारी है, जिससे आम लोगों की यात्रा पहले की तुलना में काफी सुगम हो गई है। हल्द्वानी से देहरादून और हरिद्वार जाने वालों के लिए अब सफर अधिक आसान और सुरक्षित हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्षों से लंबित जमरानी बांध परियोजना को अब स्वीकृति मिली। इस परियोजना से तराई-भाभर क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा। तय चार वर्षों की समय-सीमा में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को विकसित करने की तैयारियां चल रही हैं, जिसे शीघ्र ही मूर्त रूप दिया जाएगा। इसके साथ ही खुरपिया में 1000 एकड़ क्षेत्र में इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है, जिससे 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

किच्छा में सैटेलाइट एम्स की स्थापना से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी।⤵️

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम बाईपास की पहल शुरू कर दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। टनकपुर से न्यू लिपुलेख मार्ग के निर्माण से मिलम ग्लेशियर को सड़क मार्ग से जोड़ने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इस मार्ग से कैलाश पर्वत के दर्शन भी संभव होंगे। पहले जहां लगभग 2500 श्रद्धालु यहां पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 30 हजार तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में भाखड़ा से बेलबाबा तक 18 किलोमीटर मार्ग को स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे टनकपुर से जौलजीबी की दूरी कम होगी। हेमकुंड साहिब तक रोपवे लगाए जाने की योजना है, वहीं रीठा साहिब के लिए 35 किलोमीटर का पैदल मार्ग भी तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि रिकॉर्ड के अभाव में राजस्व क्षेत्र घोषित करने की प्रक्रिया हेतु जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोग्रेस (GEP) को अपनाने वाला देश का पहला राज्य है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत, विधायक सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी, मुख्य मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान तथा प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!