हरिद्वार के रिहायशी इलाके में हाथियों की दहशत,स्कूटी सवार युवक घबराकर लाइट के खंभे से टकराया बड़ा हादसा टला।

हरिद्वार के रिहायशी इलाके में हाथियों की दहशत,स्कूटी सवार युवक घबराकर लाइट के खंभे से टकराया बड़ा हादसा टला।

हरिद्वार-12 फरवरी 2026

धर्मनगरी हरिद्वार के समृद्ध और रिहायशी इलाकों में इन दिनों जंगली हाथियों की आवाजाही लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।  हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजा गार्डन कॉलोनी में आए दिन जंगल से निकलकर हाथी आबादी में प्रवेश कर रहे हैं। बीते मंगलवार की रात भी ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसने स्थानीय लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।

प्रतिदिन की तरह जंगल से निकलकर दो जंगली हाथी जब राजा गार्डन की कॉलोनी की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक हाथियों को देखकर सड़क पर मौजूद लोग घबरा गए। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक हाथियों को देखकर इतना घबरा गया कि वह संतुलन खो बैठा और पास ही लगे लाइट के खंभे से जा टकराया। गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया। वहीं, दोनों हाथी कुछ देर रुकने के बाद शांतिपूर्वक आगे की ओर निकल गए।

वीडियो में कैद हुआ मंजर⤵️

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह हाथियों के अचानक सामने आने से स्कूटी सवार युवक घबरा जाता है और अपना नियंत्रण खो देता है। वीडियो में कॉलोनी के भीतर हाथियों की मौजूदगी और लोगों में फैला डर भी स्पष्ट नजर आता है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों में हाथियों का डर⤵️

राजा गार्डन और आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोग लगातार हाथियों की आवाजाही से भयभीत हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक साबित हो सकती है।

रेंज अधिकारी का बयान⤵️

इस पूरे मामले पर जब हरिद्वार रेंज अधिकारी शीशपाल से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें बीती रात राजा गार्डन क्षेत्र में हाथियों के आने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मौके पर पहुंची और सुबह के समय हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने में सफलता हासिल की गई।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूटी सवार युवक से जुड़ा वीडियो उनके संज्ञान में अभी नहीं आया है। रेंज अधिकारी ने बताया कि यह क्षेत्र हाथियों के पारंपरिक मूवमेंट रूट में आता है, जिस कारण जंगली हाथी अक्सर यहां दिखाई देते हैं।

24 घंटे तैनात है क्विक रिस्पांस टीम⤵️

शीशपाल ने बताया कि वन विभाग द्वारा इस क्षेत्र में कई क्विक रिस्पांस टीमें तैनात की गई हैं, जो 24 घंटे निगरानी का काम कर रही हैं। इसके अलावा एक विशेष टीम भी बनाई गई है, जो विशेष रूप से रात्रि के समय हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखती है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

सवालों के घेरे में वन विभाग⤵️

लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की घुसपैठ को रोकने के लिए और ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

बड़ा हादसा टला, लेकिन खतरा बरकरार⤵️

फिलहाल इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यह साफ संकेत है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वन विभाग और प्रशासन के लिए यह एक चेतावनी है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए और प्रभावी रणनीति बनाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!