17 दिन बाद मिली लापता नाबालिग किशोरी,भगाने वाला आरोपी मोहम्मद अशरफ गिरफ्तार,पॉक्सो एक्ट में हुआ मुकदमा दर्ज।

17 दिन बाद मिली लापता नाबालिग किशोरी,भगाने वाला आरोपी मोहम्मद अशरफ गिरफ्तार,पॉक्सो एक्ट में हुआ मुकदमा दर्ज।

रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)- 19 फरवरी 2026

उधम सिंह नगर रुद्रपुर के कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। किशोरी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार, किशोरी के पिता ने 2 फरवरी को कोतवाली ट्रांजिट कैम्प में अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पिता ने बताया था कि उनकी बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गई है। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाहों के बयान दर्ज किये। सर्विलांस की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने उत्तर प्रदेश, बिहार सहित अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन रुद्रपुर के बाहर से गुमशुदा नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान मौके से मोहम्मद अशरफ पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद कैसर, निवासी ग्राम रुचौल, थाना पंडौल, पोस्ट ऑफिस बथने,जिला मधुबनी (बिहार), उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी किशोरी को अपने साथ लेकर गया था। किशोरी को तत्काल संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, चूंकि मामला नाबालिग और महिला से संबंधित है, इसलिए आगे की विवेचना महिला उपनिरीक्षक नेहा ध्यानी को सौंपी गई है।किशोरी के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।

कोतवाली ट्रांजिट कैम्प के निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया आरोपी से पूछताछ कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है,ताकि पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!