लौल्टी में अंग्रेजी शराब की उपदुकान का किया विरोध, दी आंदोलन की चेतावनी।

लौल्टी में अंग्रेजी शराब की उपदुकान का किया विरोध,दी आंदोलन की चेतावनी।

जनप्रतिनिधियों ने जिला आबकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कहा दुकान बंद नहीं हुई तो क्षेत्र में सरकारी कार्यों का करेंगे बहिष्कार।

गोपेश्वर (चमोली)-23 मार्च 2026

चमोली जनपद में थराली विकास खंड के लोल्टी में अंग्रेजी शराब की उपदुकान का विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों का कहना है कि जनपद के गांव-गांव में शराब बंदी को लेकर ग्रामीण एकजुट हो रहे हैं, इधर, आबकारी विभाग की ओर से क्षेत्र में अंग्रेजी शराब के बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को नशे में झोंका जा रहा है। इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

सोमवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने जिला मुख्यालय पर पहुंचकर जिला आबकारी अधिकारी से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा है। कहा कि यदि क्षेत्र में उपदुकान का संचालन बंद नहीं किया गया तो क्षेत्र में सरकारी कार्यों का विरोध किया जाएगा।

जिला पंचायत सदस्य चौंडा वार्ड कला देवी के नेतृत्व में जिला आबकारी अधिकारी से मिले जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांव-गांव में शराबबंदी की जा रही है। लोग शराब के विरोध में आवाज उठा रहे हैं, वहीं, लौल्टी में अंग्रेजी शराब की दुकान खोली जा रही है।

इसका क्षेत्र में जोरदार विरोध किया जाएगा। कहा गया कि लौल्टी, तुंगेश्वर, देवराड़ा और हरचन गांव की महिलाओं ने पूर्व में भी शराब की दुकान का विरोध किया गया, तब उन्हें शराब कारोबारी की ओर से न्यायालय के नोटिस भेजे गए। अब फिर से यहां शराब की दुकान का संचालन किया जा रहा है। चेतावनी दी गई कि यदि 31 मार्च तक दुकान का संचालन बंद नहीं किया गया, तो क्षेत्र में सरकारी कार्यों का विरोध किया जाएगा। इस मौके पर लक्ष्मण सिंह, मनमोहन सिंह के साथ ही कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!