मौसम अपडेट उत्तराखंड:-पर्वतीय जिलों में आज आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवा चलने की चेतावनी।
देहरादून-24 मार्च 2026
उत्तराखंड में निचले इलाकों में मौसम शुष्क हो गया है और तेज धूप खिलने लगी है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में अब भी बादल मंडरा रहे हैं.कहीं-कहीं मध्यम हवाएं चलने से ठंडक बनी हुई है। दून में भी धूप के साथ आंशिक बादल छा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों आकाशीय बिजली चमकने और में तेज हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते रविवार की बात की जाए तो,देहरादून में सुबह आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। इसके बाद दोपहर तक चटख धूप खिलने से पारे में भी वृद्धि दर्ज की गई। शाम को कहीं कहीं आंशिक बादल मंडराने लगे और हल्की हवा भी चलती रही। अन्य मैदानी क्षेत्रों में दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। वहीं,पर्वतीय क्षेत्रों में ज्यादातर स्थानों पर दिनभर धूप और बादलों की आंख मिचौली चलती रही। पहाड़ों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान अब भी सामान्य से काफी कम है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक ङा सी एस तोमर ने बताया कि आज पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज- चमक के साथ हल्की वर्षा और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हिमपात हो सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। दून में आमतौर पर मौसम शुष्क रहने से लेकर आंशिक बादल छाये रहने का अनुमान है।इसके बाद भी अगले कुछ दिन पहाड़ों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। साथ ही 27 मार्च को तेज़ हवाएँ चलने की संभावना बनी रहेगी।
