हल्की सी बारिश में ही खस्ताहाल हो गया केदारनाथ हाईवे,खुली चारधाम यात्रा तैयारियों की पोल।

हल्की सी बारिश में ही खस्ताहाल हो गया केदारनाथ हाईवे,खुली चारधाम यात्रा तैयारियों की पोल।

रुद्रप्रयाग-25 मार्च 2026

विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू होने में अब एक माह से भी कम समय शेष है, लेकिन यात्रा मार्ग की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। आगामी केदारनाथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन भले ही तैयारियों का दावा कर रहा हो, मगर जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

दरअसल, गौरीकुंड हाईवे के कई महत्वपूर्ण हिस्सों देवीधार, खुमेरा और रामपुर बाजार में सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। कई स्थानों पर सड़कें इतनी क्षतिग्रस्त हैं कि वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. ऐसे हालात में यात्रा शुरू होते ही इन क्षेत्रों में भारी जाम की आशंका जताई जा रही है, जिससे हजारों तीर्थयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि हाल ही में हुई बारिश ने राजमार्ग विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी है. जगह-जगह कीचड़ और गड्ढों के कारण भारी वाहन फंस रहे हैं। वहीं छोटे वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

खुमेरा निवासी अंकित राणा का कहना है कि देवीधार और खुमेरा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा कार्यों के लिए बजट पहले ही स्वीकृत हो चुका था। इसके बावजूद विभाग ने मार्च माह में ही कार्यों में तेजी दिखाई, जो लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं की धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। वहीं स्थानीय निवासी संदीप रावत के अनुसार रामपुर बाजार के समीप स्थित स्लाइडिंग जोन पिछले वर्ष से ही बड़ी समस्या बना हुआ है। बीते वर्ष यात्रा के दौरान यहां घंटों लंबा जाम लगा था, लेकिन इस बार भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है. हालिया बारिश के बाद यहां कीचड़ और अधिक बढ़ गया है, जिससे मार्ग और अधिक खतरनाक हो गया है।

स्थानीय लोगों में इस मुद्दे को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गयाए तो यात्रा शुरू होने के बाद हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और कार्यों में तेजी लाने की मांग की है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।वहीं एनएच लोनिवि खण्ड ओंकार पाण्डे ने कहा कि केदारनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है, जिन स्थानों पर लैंड स्लाइड का खतरा बना है, वहां ट्रीटमेंट किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!