काशीपुर में 22 साल की मेहविश की मौत का खुलासा, छीनाझपटी में चली गोली; पिता और दो बेटियां गिरफ्तार।

काशीपुर में 22 साल की मेहविश की मौत का खुलासा, छीनाझपटी में चली गोली; पिता और दो बेटियां गिरफ्तार।

काशिपुर (ऊधमसिंह नगर):-14 सितंबर 2026

ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में 22 वर्षीय शिक्षिका मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आईटीआई थाना पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति और उसकी दो बेटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद, उसकी बेटी सबीना और फिजा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक घटना के दौरान हुई छीनाझपटी में गोली चल गई थी, जिसकी चपेट में आकर मेहविश की जान चली गई।

एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खाली कारतूस भी बरामद किया है।

पुलिस जांच के अनुसार घटना 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में हुई थी। बताया गया कि उस दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच किसी बात को लेकर छीनाझपटी हो रही थी। इसी दौरान गोली चल गई और मेहविश को लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। मेहविश के भाई फईम हुसैन की शिकायत पर 11 सितंबर को आईटीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान सामने आया कि गोली चलने के बाद साजिद और उसकी बेटी फिजा ने घटनास्थल पर पड़े खून के निशान साफ करने की कोशिश की। इसके बाद मेहविश के शव को वहां से हटाकर उसके घर पहुंचाया गया।

पुलिस अब घटना के दौरान मौजूद परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच 12 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर अलीगंज रोड से पीपल गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की गई।पुलिस ने मौके से साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया। तीनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में साजिद ने बताया कि उसने कथित तौर पर यह 12 बोर का तमंचा करीब छह महीने पहले महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पुलिस ने उसके पास से तमंचे के साथ एक खाली कारतूस भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस मामले में सभी तथ्यों को जोड़ने में जुटी है। घटना के दौरान गोली कैसे चली, इसमें कौन-कौन शामिल था और वारदात के बाद क्या-क्या हुआ, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!