मारपीट मामले में पुलिस ने नहीं की कार्रवाई,अब कोर्ट के आदेश पर 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा हुआ दर्ज।
रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)-29 मार्च 2026
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। जहां एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में पुलिस द्वारा प्रारंभिक स्तर पर कोई कार्रवाई न किए जाने के बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार,रम्पुरा निवासी राहुल पुत्र हरीशंकर ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि 17 सितंबर की रात को वह अपने चाचा कल्लूराम के घर से वापस लौट रहा था।इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो रहा था।राहुल ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन यह कोशिश उसके लिए भारी पड़ गई। आरोप है कि राधेश्याम पुत्र रामनाथ और केशव पुत्र रमेश ने राहुल पर जान से मारने की नीयत से धारदार तलवारों से हमला कर दिया। इस हमले में राहुल के पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वहीं, अनिल पुत्र जमुना प्रसाद ने उस पर तमंचा तान दिया और तमंचे की बट से भी हमला किया।इसके अलावा, अन्य आरोपी अनिल पुत्र अशोक, कमल, अनुप, रामकिशन, अर्जुन, जैकी, अशोक और संतोष ने भी मिलकर राहुल को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की. इस हमले में उसे कई चोटें आईं. घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद होने की भी बात कही गई है।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह राहुल को बचाया और लालमन कोली नामक व्यक्ति द्वारा उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
पीड़ित राहुल का आरोप है कि उसने 18 सितंबर 2025 को चौकी रम्पुरा में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने 6 अक्टूबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा, फिर भी पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया। अंततः न्यायालय के आदेश के बाद मनोज रतूड़ी, प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर कोतवाली ने बताया कि कोर्ट के निर्देश पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
