गैरसैंण के पज्याणा आंगनबाड़ी में वार्षिकोत्सव का आयोजन,10 बच्चों को समानित कर दी गयी विदाई,वर्तमान में 36 बच्चे हैं पंजीकृत।
आंगनबाड़ी केंद्र में वार्षिक मूल्यांकन की भी व्यवस्था।
पज्याणा (गैरसैंण)- 02 अप्रैल 2026
रिपोर्ट- प्रेम संगेला.
कुछ कर गुजरने की ठान लेने वाला व्यक्ति किसी सरकारी आदेश का इंतजार करने की बजाय खुद ही नई शुरूआत कर समाज को दिशा दिखाने का काम करता है । एक तरफ लाख कोशिशों के बाद भी कुछ सरकारी विभाग जहां खुद के बनाए नियमों का पालन भी बड़ी मुश्किल से पुरा कर पाते हैं ,वहीं राज्य आंगनवाड़ी पुरूस्कार प्राप्त विकासखंड गैरसैंण के पज्याणा गांव की आंगनबाड़ी केंद्र की शिक्षिका अंजना रावत यहां नौनीहालों की वार्षिक शैक्षणिक मूल्यांकन के लिए बाकायदा परीक्षाओं के आयोजन के साथ ही,ग्रामीणों के सहयोग से वार्षिकोत्सव का आयोजन भी करती हैं।वहीं आंगनबाड़ी में 6 वर्ष पूर्ण करने वाले बच्चों का विदाई समारोह भी आयोजित कर नई परंपरा की शुरुआत भी की है।
वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान अंकिता देवी,विशिष्ठ अतिथि राजकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप आर्य , सहायक अध्यापक अंकित ओलिया , महिला मंगल दल अध्यक्ष माधवी देवी मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया, आंगनबाड़ी के नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। नौनिहालों ने बड़े उत्साह के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी बहिर्मुखी प्रतिभा का शानदार मंचन किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा बच्चों को मेडल एवं गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। अभिभावकों को प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा में बच्चों के प्रवेश को लेकर भी जागरूक किया गया।
आंगनवाड़ी शिक्षिका अंजना रावत द्वारा परीक्षा कार्यक्रम के उद्देश्य को बताते हुये कहा कि 6 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों का हिंदी,अंग्रेजी ,गणित ,कला ओर क्राफ्ट का पेपर बनाया गया, जिससे उनका 3 वर्ष का परीक्षा के माध्यम से मूल्यांकन किया गया. अंजना रावत ने कहा कि बच्चों का 90 फीसदी विकास आंगनबाड़ी में होता है, जहां पर बच्चों को खेल-खेल में सिखाया जाता है। जिससे बच्चों को भाषाई, शारीरिक,बौद्धिक, संवेगात्मक, सृजनात्मक व सामाजिक विकास में मदद मिलती है। सीखने के प्रति जिम्मेदार बनाने के लिए बच्चों का वार्षिक मूल्यांकन किया जाता है,जिससे अध्यापक बच्चे और अभिभावकों के आपसी सहयोग को विकसित करने में भी मदद मिलती है। अभिभावकों के मूल्यांकन के लिए आंगनबाड़ी द्वारा सभी दस्तावेज संरक्षित किये गये हैं। इस अवसर पर आंगनबाड़ी में 6 वर्ष पूर्ण कर चुके 10 बच्चों को सम्मानपूर्वक विदाई देकर उज्जवल भविष्य की कामना की गयी।
अंजना रावत के संचालन में आयोजित समारोह में आंगनवाड़ी सहायिका सावित्री देवी, वार्ड सदस्य आरती देवी,अभिभावक गुड्डू सिंह,शकुंतला देवी,दीपा देवी,गुड्डी देवी,धनुली देवी,मंगशीरी देवी ,भानुमति देवी,शांति देवी,सावित्री देवी कुमारी रोशनी, कुमारी मेघा,सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
✅अंजना रावत को बेहतर सेवाओं के लिए मिले पुरूस्कार⤵️
विकासखंड मुख्यालय गैरसैंण से 12 किलोमीटर दूर पज्याणा में आंगनवाड़ी 2011 में शुरू हुई,तबसे ही यहां सेवाएं दे रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ती अंजना रावत को 2020 में आंगनवाड़ी राज्य पुरूस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, वहीं प्लान इंडिया द्वारा 2024 में राष्ट्रीय पुरूस्कार तो 2019 में जिलाधिकारी चमोली द्वारा विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा बेहतर शिक्षण कार्य के लिए भी सम्मानित किया जा चुका है.अंजना रावत अब तक 40 से अधिक महिलाओं को साक्षर कर चुकी हैं. साथ ही वर्तमान में आंगनवाड़ी केन्द्र में 36 बच्चे पंजीकृत हैं।
