बुधवार को लाटूधाम वाण में देवडोलियों का होगा अद्भुत समागम।
चमोली:-15 सितंबर 2026
रिपोर्ट-रजपाल बिष्ट
बुधवार को देवाल ब्लाॅक के आबादी के अंतिम गांव वाण में बधाण की मां नंदा राजराजेश्वरी, नंदा की बड़ी जात के तहत दशोली तथा बंड की देव डोलियों और छंतोलियों का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा। इसके चलते तमाम श्रद्धालुओं ने पहले ही लाटूधाम वाण में डे़रा डाल दिया है।
दरअसल नंदा सिद्धपीठ कुरूड़ से 5 सितम्बर से चली नंदा देवी की बड़ी जात की दशोली की उत्सव डोली विभिन्न पड़ावों से होते हुए बुधवार को लाटूधाम वाण पहुंचेगी। बड़ी जात के साथ बंड की नंदा की देव डोली तथा विभिन्न गांवों की छंतोलियां भी साथ चल रही हैं। दशोली की नंदा की डोली से बंड की देव डोली और विभिन्न गांवों की छंतोलियों का मिलन रामणी में हुआ था। रामणी से आला और कनोल के प्रवास के चलते सभी देव डोलियां और छंतोलियां बुधवार को एक साथ वाण गांव को चलेंगी। इसी तरह बधाण की राजराजेश्वरी की उत्सव डोली बुधवार को मुंदोली से प्रस्थान कर लुहाजंग होते हुए वाण गांव के प्रवास पर पहुंचेगी। इस तरह बुधवार को नंदा की बड़ी जात और मां राजराजेश्वरी की लोकजात यात्रा के तहत देव डोलियों और छंतोलियों का मिलन मां नंदा के भाई लाटू से होगा। इस अद्भुत मिलन का साक्षी बनने के लिए तमाम लोग पहले ही वाण गांव में ड़ेरा डाल चुके हैं।
लाटूधाम वाण के ग्रामीणों ने देव डोलियों तथा छंतोलियों के स्वागत सत्कार के लिए पलक पांवडे़ बिछा दिए हैं। इसके चलते सभी ग्रामीण यात्रा के स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दे चुके हैं। इसके चलते बुधवार को वाण गांव में देव डोलियों और छंतोलियों का अद्भुत समागम देखने को मिलेगा। इस पल का दीदार करने के लिए ही हर इलाके के लोग वाण गांव में जमा होने लगे हैं। कुमांऊ से भी श्रद्धालुओं के वाण गांव पहुंचने का सिलसिला जारी है। माना जा रहा है कि बुधवार को वाण में श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा देखने को मिलेगा। कतिपय लोग तो देव डोलियों और छंतोलियों के गुरूवार को निर्जन पड़ावों की ओर जाने के नजारे का दीदार करने के लिए भी गुरूवार को वाण गांव पहुंचने का मन बना रहे हैं। इसके बाद देव डोलियां और छंतोलियां निर्जन पड़ावों की ओर अग्रसर होंगी। वाण से लाटूदेवता ही नंदा जात की अगुवाई करेंगें। इसके तहत देव डोलियां और छंतोलियां गुरूवार को गैरोलीपातल निर्जन पड़ाव में प्रवास करेंगी। अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार बधाण की राजराजेश्वरी बेदनी में नंदा सप्तमी की जात के तहत पिंड तर्पण के बाद वापस बांक गांव लौट आयेगी। नंदा की बड़ी जात बेदनी से उच्च हिमालय में स्थित होमकुंड को चली जाएगी।
फिलहाल वाण तथा आगे के निर्जन पड़ावों पर नंदा जात यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम विवेक प्रकाश समेत तमाम आला अधिकारी नंदा लोक जात यात्रा और बड़ी जात की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर ग्राउंडजीरो पर ही रहकर मोर्चा संभाले हुए हैं। इस तरह गुरूवार से उच्च हिमालय में स्थित निर्जन पड़ावों की सुरक्षित यात्रा सरकारी कारिंदों के लिए बड़ी चुनौती होगी। नंदा बड़ी जात के लिए रास्तों के व्यवस्थित न होने से सुखद व निरापद यात्रा को संपादित करना मुश्किलों भरी रहेगी। यही से अब सरकारी कारिंदों की असली परीक्षा भी होगी।
