ऋषिकेश में पुलिस ने अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को किया गिरफ्तार,भारत समेत दो देशों के पहचान पत्र बरामद।
ऋषिकेश-15 अप्रैल 2026
ऋषिकेश पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है।महिला के पास से पश्चिम बंगाल के पते पर बना फर्जी आधार कार्ड और बांग्लादेशी पहचान पत्र बरामद हुआ है।
मामले का खुलासा करते हुए सीओ नीरज सेमवाल ने बताया कि 15 अप्रैल को स्थानीय अभिसूचना इकाई (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) को ऋषिकेश क्षेत्र में एक बांग्लादेशी नागरिक के अवैध रूप से निवास करने की गुप्त सूचना मिली। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने नटराज चौक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर गेट नंबर-3 डग रोड के पास से संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान रीना उर्फ रीता निवासी जिला सरियातपुर,ढाका, बांग्लादेश के रूप में बताई।महिला ने खुलासा किया कि वह करीब एक महीने पहले रिपोन नामक व्यक्ति की मदद से अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल हुई। रिपोन ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे संपर्क किया और भारत में अच्छे रोजगार का झांसा दिया। भारत आने के बाद महिला ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पश्चिम बंगाल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक भारतीय आधार कार्ड बनवाया,वह 13 अप्रैल को दिल्ली से बस के जरिए ऋषिकेश पहुंची।
पुलिस ने महिला के कब्जे से बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र, फर्जी भारतीय आधार कार्ड, बांग्लादेशी नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति और एक मोबाइल बरामद किया है। कोतवाली ऋषिकेश में महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के साथ आगे की जांच में जुट गई है और महिला को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
अभियुक्ता द्वारा भारत में अवैध प्रवेश, फर्जी दस्तावेजों का उपयोग एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता होने पर अभियुक्ता को गिरफ्तार करते हुए उसके विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश पर मु.अ.स.-143/26 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस, पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 3 तथा विदेशी/आव्रजन अधिनियम 2025 की धारा 14 के अंतर्गत कोतवाली ऋषिकेश में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्ता⤵️
नाम- रीना उर्फ़ रीता पत्नी जुलहस पिता रियाज, निवासी गाँव-चोर्दुपुरिया शाकीमाली मातवर कांदी थाना-जजीरा, जिला सरियातपुर ढाका डिवीज़न बांग्लादेश उम्र 24 वर्ष
