महिला कर्मचारियों से दुष्कर्म का आरोप,आरोपी दुकानदार को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
खटीमा (चंपावत)- 22 अप्रैल 2026
चंपावत जिले के टनकपुर में महिलाओं के यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान में काम करने वाली महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर पहले उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए इस दौरान आरोपी ने महिलाओं की अश्लील वीडियो भी बनाया। इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी महिला को ब्लैकमेल कर रहा था।
मामले सामने आने के बाद पुलिस ने एक्शन लिया और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में चंपावत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के सख्त निर्देशों के तहत महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत सोमवार को कोतवाली में पीड़िताओं द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया।शिकायत में बताया गया कि आरोपी की टनकपुर में दुकान है. आरोपी और उसकी एक महिला सहयोगी ने पीड़िताओं को काम पर रखा था। पीड़िताओं का आरोप है कि जब उन्होंने मेहनताना मांगा, तो आरोपी ने उनकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए उन्हें डरा-धमकाकर दुकान के अंदर ही जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं इस दौरान उनका वीडियो भी बना लिया गया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली टनकपुर में तत्काल धारा 64 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना महिला उपनिरीक्षक गुरविंदर को सौंपी गई, जिन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 50 साल है, जो टनकपुर का ही रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
