पौड़ी में दो गुलदारों ने बनाया महिला को निवाला, ग्रामीणों में दहसत का माहौल।
पौड़ी गढ़वाल-23 अप्रैल 2026
गुलदार के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। विकासखंड पौड़ी के इडवालस्यूं क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक और दर्दनाक घटना सामने आई जहां गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। यह इस क्षेत्र में गुलदार के हमले से मौत का तीसरा मामला है। इससे पहले गजल्ड़ और बाड़ा गांव में भी ऐसे ही हमलों में लोगों की जान जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार, बमठी गांव निवासी सीता देवी गुरुवार सुबह अपने घर के पास खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे दो गुलदारों ने अचानक महिला पर हमला कर दिया। दोनों गुलदार महिला को घसीटते हुए पास की झाड़ियों में ले गए, जहां उन्होंने उसके शरीर को बुरी तरह नोच डाला। महिला का चेहरा और शरीर के अधिकांश हिस्से को गुलदार खा चुके थे।
घटना की चश्मदीद एक स्थानीय महिला ने बताया कि, जैसे ही उन्हें हमले की सूचना मिली, वह गांव से नीचे की ओर भागी। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दो गुलदार महिला के शव को खा रहे थे। शोर मचाने पर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों गुलदार जंगल की ओर भाग गए. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब सुबह के समय घर से बाहर निकलना भी खतरे से खाली नहीं है।बच्चों का स्कूल जाना भी जोखिम भरा हो गया है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दो गुलदार लगातार घूम रहे हैं और इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि इन गुलदारों को जल्द से जल्द मार गिराया जाए, ताकि किसी और की जान न जाए। सीता देवी के परिवार में उनके पति के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं, सभी का विवाह हो चुका है। वह घर पर रहकर दूध बेचकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं,जबकि उनके पति खेती-बाड़ी में उनका सहयोग करते थे। गांव में लगातार हो रहे पलायन के कारण आसपास के अधिकतर घर खाली पड़े हैं, जिससे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहता है और वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है।
इस मामले में डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। गौर है कि इससे पहले पौड़ी के गजल्ड़ गांव में मंदिर से लौट रहे राजेंद्र नौटियाल की बीते 4 दिसंबर 2025 को गुलदार के हमले में मौत हो गई थी। इसके बाद बाड़ा गांव में 15 जनवरी 2026 को गुलदार के हमले में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान लक्ष्मण (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई थी।
