रात के अंधेरे में ई-रिक्शा चालक ने साथियों संग सवारी को लूटा, तीन गिरफ्तार।

रात के अंधेरे में ई-रिक्शा चालक ने साथियों संग सवारी को लूटा, तीन गिरफ्तार।

हरिद्वार:-14 सितंबर 2026

रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ई-रिक्शा चालक और उसके दो साथियों द्वारा सवारी को सुनसान रास्ते पर ले जाकर लूटने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये की नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते, लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। एसपी सिटी अभय कुमार ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर की रात पवन कुमार, निवासी महादेवपुरम सिडकुल, राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुआ था। सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो युवकों ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर उसे डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने उससे 10 हजार रुपये की नगदी, बैग, कपड़े, जूते और जरूरी दस्तावेज लूट लिए।

पीड़ित की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पुराने अपराधियों से पूछताछ के साथ अन्य सुराग जुटाए।

13 सितंबर की रात पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लीडो क्लब जाने वाले कच्चे रास्ते पर एकांत स्थान में खड़े ई-रिक्शा में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने पूछताछ के बाद उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 10 हजार रुपये, पीड़ित के आधार कार्ड-पैन कार्ड, चमड़े के जूते और लूट में इस्तेमाल किए गए लोहे के औजार बरामद हुए।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वारदात कबूल करते हुए बताया कि वे रात में अकेली सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते और डराकर लूटपाट करते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लालच, नशे और अपने शौक व खर्च पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। खास बात यह रही कि पीड़ित से लूटी गई जींस आरोपियों में से आयुष उर्फ अनिकेत ने पहन रखी थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार (19), विजय (20) और आयुष उर्फ अनिकेत (20) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार विजय के खिलाफ रानीपुर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!