हादसा:-पौड़ी में बाइक और मैक्स गाड़ी की जोरदार टक्कर,दोनों वाहन खाई में गिरे।
पौड़ी गढ़वाल-27 अप्रैल 2026
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से बड़ी खबर सामने आई है। आज 27 अप्रैल सोमवार को खिर्सू के पास मैक्स वाहन बेकाबू होकर खाई में गिर गया। हादसे के वक्त वाहन में आठ लोग सवार थे। वाहन सवार सभी आठ लोगों को रेस्क्यू किया और उन्हें तत्काल पास के हॉस्पिटल भेजा गया।
फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार खिर्सू के पास मैक्स वाहन और बाइक की आमने-सामने से टक्कर हो गई थी,इसके बाद दोनों गाड़ियां खाई में गिर गई थी। वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को खाई के बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत पास के हॉस्पिटल भेजा गया, जहां फिलहाल सभी का उपचार जारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर आ रहा था, तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरे. हादसे में मैक्स वाहन में सवार गगन सिंह (75), सतेश्वरी देवी (50), संगीता देवी (23), अंजू (24), मंगल सिंह (32), गुड्डी देवी (55) और गौतम सिंह (26) निवासी पैठाणी घायल हो गए।
वहीं मोटरसाइकिल सवार गजेन्द्र सिंह (42) निवासी पाबौ भी हादसे में चोटिल हुआ है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू भेजा गया,जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है. पुलिस का कहना है कि समय रहते रेस्क्यू होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
