ज्योतिर्मठ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा,गुणवत्ता और तेजी पर जोर।

ज्योतिर्मठ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा,गुणवत्ता और तेजी पर जोर।

डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश, ग्राउंड स्तर पर समस्याओं के समाधान पर हो फोकस।

चमोली- 28 अप्रैल 2026

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में ज्योतिर्मठ नगर पालिका क्षेत्र में संचालित पुनर्निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में पुनर्निर्माण कार्य केवल संरचनात्मक सुधार तक सीमित न रहकर स्थानीय नागरिकों के विश्वास और सुरक्षा को भी सुदृढ़ करने का माध्यम होना चाहिए।

जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन कंसलटेंट, जोशीमठ को पीडीएनए (पोस्ट डिसस्टर नीड्स असेसमेंट) रिपोर्ट का गहन अध्ययन करते हुए बिंदुवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कंसलटेंट नियमित रूप से ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थानीय जनता की समस्याओं को समझें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब वे जनभावनाओं और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप क्रियान्वित हों।

बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं शहरी विकास विभाग को निर्देशित किया कि ज्योतिर्मठ क्षेत्र में चल रहे समस्त कार्यों की सतत निगरानी रखते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने भूमि संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में प्रस्तावित सुरक्षात्मक एवं पुनर्निर्माण कार्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रभावी ढंग से पूर्ण करने हेतु संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!