35 वर्षीय महिला ने कीर्तिनगर पुल से अलकनंदा नदी में लगाई छलांग,सर्च ऑपरेशन जारी।
टिहरी गढ़वाल/श्रीनगर- 04 मई 2026
टिहरी और पौड़ी गढ़वाल को जोड़ने वाले कीर्तिनगर पुल पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक के दौरान एक 35 वर्षीय महिला ने अचानक अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला को तेज बहाव में बहते हुए देखा गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े सात बजे राहगीरों ने महिला को नदी में कूदते और बहाव में दूर तक जाते देखा। सूचना मिलते ही कीर्तिनगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी किनारे विभिन्न संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।पुलिस ने महिला की पहचान रचना बमराड़ा (35) निवासी बिल्केदार, पौड़ी गढ़वाल के रूप में की है। हालांकि देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। एसडीआरएफ इंस्पेक्टर मंजरी नेगी ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा बताए गए स्थानों के आधार पर नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।फिलहाल महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कीर्तिनगर पुलिस के अनुसार महिला शादीशुदा है। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके पति सुभाष बम राणा को मौके पर बुलाया गया। बताया जा रहा है कि सुभाष पेशे से शिक्षक हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।वहीं श्रीनगर पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता महिला की तलाश है। महिला के मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मामले के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। SDRF और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार रेस्क्यू और सर्च अभियान में जुटी हुई हैं।
