फर्जी नंबर वाली थार पकड़ी गई तब खुला बड़ा राज़,यूथ कांग्रेसी नेता फरार।
हल्द्वानी-06 मई 2026
नैनीताल जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कालाढूंगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर सड़क पर दौड़ रही एक महिंद्रा थार को पकड़ लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी और यूथ कांग्रेस कालाढूंगी विधानसभा अध्यक्ष प्रभजोत गिल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
नयाँगांव तिराहे के पास पुलिस टीम सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध काली थार को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा,लेकिन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जसपाल सिंह उर्फ सोनू निवासी बैलपोखरा, कालाढूंगी बताया। जांच में पता चला कि थार पर लगी नंबर प्लेट दूसरी गाड़ी की थी। आरोपी ने अपने साथी प्रभजोत गिल के साथ मिलकर असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर लगाया था,ताकि वाहन की पहचान छिपाई जा सके।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थार को सीज कर दिया है। मामले में FIR दर्ज कर फरार आरोपी प्रभजोत गिल की तलाश जारी है।
