नगर पंचायत लालकुआं में डस्टबिन खरीद,शौचालय पुनर्निर्माण,छठ पूजा स्थल कार्य और अलाव लकड़ी खर्च में अनियमितता,डीएम ने दिए जांच के आदेश।
लालकुआं (नैनीताल)-06 मई 2026
नगर पंचायत लालकुआं में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। नैनीताल डीएम ललित मोहन रयाल ने विभिन्न कार्यों में वित्तीय और प्रक्रियात्मक गड़बड़ियों की शिकायतों पर जांच के आदेश दे दिए हैं। यह जांच डस्टबिन खरीद,शौचालय पुनर्निर्माण, छठ पूजा स्थल के कार्य और अलाव के लिए लकड़ी खर्च जैसे मामलों की होगी। सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को मामले की जांच सौंपते हुए 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।
नैनीताल जिले के नगर पंचायत लालकुआं में विकास कार्यों को लेकर उठे सवालों ने अब प्रशासनिक स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है। नैनीताल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विभिन्न कार्यों में संभावित अनियमितताओं की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। शिकायतों में सबसे प्रमुख मामला डस्टबिन खरीद का है, जिसमें करीब 3 लाख रुपए की लागत से बिना विधिवत निविदा प्रक्रिया अपनाए खरीदारी किए जाने का आरोप है। इसके अलावा नगर के विभिन्न वार्डों में करीब 5 साल पहले बने शौचालयों को ध्वस्त कर दोबारा निर्माण कराए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं। छठ पूजा स्थल पर कराए गए पुनर्निर्माण कार्य की आवश्यकता और उसके औचित्य को लेकर भी शिकायत दर्ज की गई है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान शीतकाल में अलाव के लिए लकड़ी की असामान्य खपत और उससे जुड़े भुगतान की पारदर्शिता पर भी संदेह जताया गया है। इन सभी मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के लिए नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित सभी अभिलेखों जैसे टेंडर प्रक्रिया, स्वीकृतियां, भुगतान रिकॉर्ड और मापन पुस्तिकाओं का बारीकी से जांच करेंगे। साथ ही तमाम कार्यों का भौतिक सत्यापन कराकर वित्तीय नियमों और शासनादेशों के अनुपालन की भी जांच करेंगे, इसके बाद रिपोर्ट सौंपेंगे। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल डीएम ललित मोहन रयाल,ने बताया कि,यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जांच अधिकारी को 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
