गहरी खाई में गिरी कार के उड़े परखच्चे, तीन लोगों की दर्दनाक मौत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)-07 मई 2026
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से बेहद दर्दनाक और दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भिकियासैंण क्षेत्र में रापड़-गगोडा-चमडखान-सोनी रानीखेत मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। काफी मशक्कत के बाद शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि कार रानीखेत की ओर जा रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में समा गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत तथा कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और ग्राम चमोली पुसैला में जागर कार्यक्रम संपन्न कराने के बाद देर रात अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने तीनों शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भिजवा दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
