गोवा में करोड़ों की सेक्सटॉर्शन वारदात का मास्टरमाइंड दून से गिरफ्तार,तीन साल से था फरार।

गोवा में करोड़ों की सेक्सटॉर्शन वारदात का मास्टरमाइंड दून से गिरफ्तार,तीन साल से था फरार।

देहरादून-24 मई 2026

उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोवा में करोड़ों रुपये की उगाही करने वाले चर्चित सेक्सटॉर्शन गैंग के सरगना को देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पिछले तीन साल से फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सलमान खान पुत्र जमशेद खान निवासी महबूब कॉलोनी माजरा, थाना पटेलनगर देहरादून को 23 मई 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी गोवा के मापुसा थाना में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित सेक्सटॉर्शन रैकेट चला रहा था। गैंग अमीर कारोबारियों को निशाना बनाता था और महिलाओं के जरिए उन्हें जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाता था। इसके बाद खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर पीड़ितों को धमकाया जाता था और उनकी प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की उगाही की जाती थी।

पुलिस के मुताबिक गैंग ने गोवा के मापुसा क्षेत्र में एक विला किराए पर लिया था, जहां गुप्त कैमरे लगाए गए थे। मुंबई के एक कारोबारी को महिला साथी के माध्यम से वहां बुलाया गया और फिर फर्जी नारकोटिक्स अधिकारियों की टीम बनाकर उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई तथा करोड़ों रुपये की मांग की गई.इस मामले में पहले ही गैंग की महिला सदस्य निवेदिता शर्मा और हरिद्वार निवासी भुवन अरोड़ा सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं गैंग का सरगना सलमान खान लगातार फरार चल रहा था.गोवा पुलिस द्वारा कई बार दबिश देने के बावजूद आरोपी हाथ नहीं आया था।

उत्तराखंड एसटीएफ को सटीक सूचना मिलने पर आरोपी को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से दबोच लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में की गई घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अबुल कलाम, उप निरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, महेंद्र नेगी, देवेंद्र ममगाई और कांस्टेबल मोहन असवाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!