ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैण में हुआ हाफ मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन,लोहाघाट की साधना व देवाल के सौरभ रहे विजेता।
गैरसैंण के मरोड़ा निवासी 9 वर्षीय हर्षित ने भी 2 घण्टे में पूरी की 21 किलोमीटर की दौड़।
भराड़ीसैण (गैरसैंण):-02 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत
गांधी जयंती के अवसर पर गैरसैंण विधानसभा क्षेत्र के भराड़ीसैण में फ्रेंडस क्लब गैरसैंण व आरके जे.एस.एन.एस.एन. मैमोरियल इण्टर कॉलेज गैरसैंण के द्वारा हाफ मैराथन (21 किलोमीटर) दौड़ का आयोजन किया गया,जिसमे महिला व पुरुष धावकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि आदिबद्री मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा,ब्लॉक प्रमुख गैरसैंण दुर्गा रावत व कारगिल शहीद वीरांगना विमला देवी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।
आयोजन समिति की अध्यक्ष ममता नेगी ने बताया कि,महिला वर्ग में 73 और पुरुष वर्ग में 196 प्रतिभागियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था.इस दौरान विभिन्न जिलों से आये प्रतियोगियों ने इस मैराथन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। बताया कि,दौड़ का निर्धारित समय पुरुष वर्ग के लिए ढाई घण्टे तो वहीं महिला वर्ग के लिए तीन घण्टे रखा गया था। दौड़ का आयोजन भराड़ीसैण हेलीपेड से दिवालीखाल,दिवालीखाल से फिर भराड़ीसैण हेलीपेड व ढोल बाजण से भराड़ीसैण हेलीपेड तक किया गया। यह दौड़ पुरुष एवं महिला दो वर्गों में सम्पन्न की गई।
इस दौरान पुरुष वर्ग में देवाल विकास खंड के सौरभ सिंह ने 1 घंटे 11 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हांसिल किया, दिनेश चन्द्र ने द्वितीय स्थान व हल्द्वानी के लोकेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला वर्ग में लोहाघाट की साधना सिंह ने 1 घंटे 29 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हांसिल किया,वहीं,दिया रावत ने द्वितीय स्थान व नंदप्रयाग की दीपशिखा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान गैरसैंण के मरोड़ा गांव निवासी 9 वर्षीय हर्षित को सबसे कम उम्र का धावक बनने का गौरव प्राप्त हुआ,जिन्होंने 2 घंटे 16 मिनट में 21 किलोमीटर दौड़ पूरी कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मैराथन पूरी करने पर हर्षित को 10 हजार रुपये,ट्रैक सूट व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।विजेताओं को प्रथम पुरुष्कार के रूप में 11 हजार रुपये व ट्रेक सूट,वहीं उपविजेताओं को 9 हजार रुपये व ट्रैक सूट,तीसरा स्थान प्राप्त करने वालों को 7 हजार रुपये व ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जगदीश बहुगुणा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र की प्रतिभाओं को एक मंच मिलता है। कहा कि उत्तराखंड के हर गांव में ऐसी प्रतिभाएं छुपी हुई है जिन्हें उचित प्लेटफार्म न मिल पाने के कारण उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नही मिल पाता है। उन्होंने आयोजनकर्ताओं को इस प्रकार के आयोजन के लिए बधाई दी। वहीं,उन्होंने कहा कि मैराथन केवल एक दौड़ नहीं है बल्कि,यह हमारे जीवन में अनुशासन,सहनशक्ति और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि,खेल हमें ऊर्जावान बनाते हैं और बुरी आदतों से दूर रखते हैं। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि,खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और नशे जैसी बुराइयों से हमेशा दूर रहें।
हाफ मैराथन के आयोजक पंकज नेगी व अध्यक्ष ममता नेगी ने मौजूद सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद दिया। मैराथन दौड़ के मुख्य निर्णायक के रूप में भागवत कोठियाल,मनोज साह व हरीश शाह रहे,कार्यक्रम का संचालन दिवाकर ढौंडियाल व अखिलेश राज ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत,जिला पंचायत सदस्य कामेश्वरी देवी,जिला पंचायत सदस्य अनीता रावत,सारकोट की प्रधान प्रियंका नेगी,पूर्व प्रमुख शशि सौंरियाल,पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार,विमला देवी,पूर्व प्रधानाध्यापक जगदीश राज,भाजपा नगर अध्यक्ष हुकुम सिंह,भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, गैरसैंण कोतवाल मनोज सिरोला,वन विभाग के डिप्टी रेंजर अवतार सिंह रावत, एचपी गैस के प्रबंधक हरीश रावत,स्वास्थ्य विभाग की टीम,अजीम प्रेमजी की टीम,आयोजन समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
