प्रॉपर्टी विवाद में भाई ने ही दी हत्या की सुपारी,एक साल बाद प्रेमिका गिरफ्तार।
देहरादून-24 मई 2026
राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व हुई सनसनीखेज हत्या की घटना में दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने 25 हजार की इनामी अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अजय भटेजा की हत्या उसके ही सौतेले भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते सुपारी देकर कराई थी। घटना को अंजाम देने के लिए उसने मुजफ्फरनगर के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को लगाया था, जिसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
मामला 26 मई 2025 का है, जब जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके ममेरे भाई अजय भटेजा की जाखन स्थित घर में हत्या कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र की मदद से 19 मई 2026 को मुख्य आरोपी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में राजन ने खुलासा किया कि अमित भटेजा ने अपने भाई की हत्या के एवज में जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था। योजना के तहत 25 मई 2025 को सभी आरोपी देहरादून पहुंचे और रात में अजय भटेजा के घर रुके। आरोपियों ने पहले अजय को शराब पिलाकर संपत्ति के कागजात हासिल करने की कोशिश की, लेकिन जब वह तैयार नहीं हुआ तो राजन ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद राजन और उसकी प्रेमिका हुमेरा ने शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद दोनों ने कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और सीसीटीवी डीवीआर व कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गए। पुलिस टीम ने फरार अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को 23 मई 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस मामले में अमित भटेजा अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।इस कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
