टिहरी के लंबगांव क्षेत्र में युवक की मौत मामले में कुछ लोगों पर लगा हत्या का आरोप, पुलिस ने नामजद लोगों को लिया हिरासत में।

टिहरी के लंबगांव क्षेत्र में युवक की मौत मामले में कुछ लोगों पर लगा हत्या का आरोप, पुलिस ने नामजद लोगों को लिया हिरासत में।

टिहरी:-09 जून 2026

लंबगांव थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों पर हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में नामजद आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक,टिहरी के देवल गांव निवासी धनपाल लाल ने थाना लंबगांव में एक तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे केतन लाल और दिवाकर डिमरी के साथ यशवीर सिंह पंवार एवं उसके परिवार के सदस्यों ने मारपीट की है। आरोप है कि दोनों को घर में बंधक बनाकर रखा गया और मारपीट के दौरान केतन लाल को गंभीर चोटें आईं, जिसे घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिवारजनों की तहरीर के आधार पर थाना लंबगांव में धारा 103(1), 3 (5) बीएनएस और 3(2)(v) एससी/एसटी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए टिहरी एसएसपी श्वेता चौबे ने विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। वहीं, विवेचना की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेड़ा को सौंपी गई है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य प्रमाणों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, मृतक केतन के पिता धनपाल लाल ने गंभीर आरोप लगाए हैं,कहा कि,मेरा बेटा अलग कमरे में सो गया था, जिसको साजिश के तहत रात को बुलाया गया। जिसके बाद सुबह यशवीर नाम के व्यक्ति ने केतन के फोन से कॉल की।सामने से आवाज आई कि ‘तुम्हारा बेटा यहां है,इसका क्या करूं…’ जिस पर मैंने कहा कि अगर कोई बड़ी गलती हो गई है, तो प्रशासन के हवाले कर दो और क्या कर सकते हैं। बताया कि,इसके बाद मैं वहां पहुंचा, तो वहां केतन और उसके दोस्त दिवाकर डिमरी को बुरी तरह मार-मार के बुरा हाल कर रखा था। केतन से जब बात की, तो उसने बताया कि जिस लड़की से वो प्रेम करता था, उसके परिवार के सभी लोगों ने लाठी डंडों से मार-मार कर अधमरा कर दिया था।

वहीं, घायल युवक दिवाकर डिमरी के पिता दिनेश डिमरी ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। कहा कि,मेरा बेटा, केतन का दोस्त था और कल ही मुंबई से घर आया था। तभी अचानक रात को केतन का फोन आया कि किसी जरूरी काम से कहीं जाना है। जल्द ही लौट जाएंगे, क्योंकि, केतन के पास गाड़ी नहीं थी, तो दिवाकर उसके साथ चला गया। जैसे ही ये दोनों खोलगढ़ गांव पहुंचे, तो वहां कुछ लोगों ने इन्हें पकड़ लिया और सीधा कमरे के अंदर ले गए और मार पिटाई शुरू कर दी। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।

पुलिस द्वारा बताया गया कि, मृतक के शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई नियमानुसार कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।कहा कि,अपराध गंभीर प्रकरण का है, तो इसमें वरिष्ट पुलिस अधीक्षक की ओर से तत्काल 3 टीमें बनाई गई और एफएसएल टीम को बुलाया गया है, ताकि, जो भी महत्वपूर्ण साक्ष्य है, उनको घटना स्थल से तत्काल सुरक्षित और उनको उठाया जाए। इस प्रकरण में जो नामजद अभियुक्त हैं, उनको हिरासत में ले लिया गया है। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी हो चुकी है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। अभियुक्तों से जो नामजद अभियुक्त हैं, उनसे पूछताछ जारी है. जो भी पूछताछ के दौरान साक्षी आएंगे, उसके अनुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!