रामनगर बना जामनगर,कई किलोमीटर लंबे जाम में फंसे पर्यटक;जंगल सफारी तक हुई रद्द।

रामनगर बना जामनगर,कई किलोमीटर लंबे जाम में फंसे पर्यटक;जंगल सफारी तक हुई रद्द।

रामनगर (नैनीताल):-14 जून 2026

विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी रामनगर रविवार को भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझती नजर आई,शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जाम में फंसे कई पर्यटक समय पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के विभिन्न पर्यटन जोनों तक नहीं पहुंच सके, जिसके चलते उनकी बुक की गई जंगल सफारी भी रद्द हो गई.

रामनगर में सप्ताहांत और पर्यटन सीजन के चलते रविवार को वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया, नगर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और कॉर्बेट पार्क को जाने वाले मार्गों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं,दोपहर तक स्थिति और भी गंभीर हो गई तथा कई स्थानों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया.

जाम के कारण स्थानीय नागरिकों को दैनिक कार्यों के लिए आवागमन में परेशानी हुई, वहीं दूर-दराज से रामनगर पहुंचे पर्यटक भी घंटों तक अपने वाहनों में फंसे रहे।,भीषण गर्मी और लंबे इंतजार ने पर्यटकों की परेशानी को और बढ़ा दिया, कई परिवारों ने बताया कि उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में सामान्य समय से कई गुना अधिक समय लग गया।
सबसे अधिक असर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व घूमने आए पर्यटकों पर पड़ा। जानकारी के अनुसार कई पर्यटक ढेला, झिरना, बिजरानी और अन्य पर्यटन जोनों में निर्धारित समय पर सफारी के लिए नहीं पहुंच सके। कॉर्बेट प्रशासन के नियमों के अनुसार निर्धारित समय के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाती है। ऐसे में जाम में फंसे पर्यटकों की बुकिंग निरस्त हो गई और उन्हें बिना सफारी किए ही वापस लौटना पड़ा.

पर्यटकों ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि रामनगर जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाए जाने की आवश्यकता है,उनका कहना था कि महीनों पहले सफारी बुक करने के बावजूद केवल जाम के कारण उनका कार्यक्रम खराब हो गया। वहीं ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने जाम खुलवाने के लिए लगातार प्रयास किए। पुलिसकर्मी विभिन्न चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात को सुचारु करने में जुटे रहे, लेकिन वाहनों की अत्यधिक संख्या के कारण स्थिति को सामान्य होने में काफी समय लगा.

रामनगर में लगातार बढ़ रही पर्यटकों और वाहनों की संख्या को देखते हुए स्थानीय लोगों ने भी स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन, वैकल्पिक मार्गों के विकास और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!