1 लाख के नकली नोट हरिद्वार खपाने पहुंची ठग बाप-बेटों की जोड़ी,पुलिस ने किया गिरफ्तार।
हरिद्वार:-06 जुलाई 2026
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पुलिस ने नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार हैं। चारों आरोपी गुरदासपुर पंजाब के रहने वाले हैं, जिनके कब्जे से 84500 रुपए नकली नोट बरामद हुए हैं. बताया जा रहा है कि चारों आरोपी आपस में बाप-बेटे हैं। सभी आरोपियों को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया. नकली नोटों को लेकर केन्द्रीय एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। मामले की गोपनीय जांच भी की जा रही है। जांच में आमने आया है कि आरोपियों ने असली नोट देकर नकली नोट खरीदे थे और हरिद्वार में आकर मार्किट में नोट चलाने की योजना थी. वहीं अब पुलिस मेन सप्लायर को दबोचने की तैयारी में है।
पुलिस ने बताया कि हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर अवांछित गतिविधियों पर लगाम लगाने व संदिग्ध तत्वों पर नजर रखने के लिए सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा हैं. इसी बीच चेकिंग के दौरान पुलिस ने नगर कोतवाली में नकली नोटों की खेप के साथ चार संदिग्ध को पकड़ा।पुलिस ने बताया कि रविवार रात को उनकी टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मेला अस्पताल की तरफ से उन्हें चार लोग आते हुए दिखाई दिए, जिन पर पुलिस को कुछ शक हुआ। पुलिस ने जब चारों लोगों को रूकने का इशारा किया तो वो घबरा गए और वापस मुडकर तेज कदमों से आगे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने चारों लोगों को टिबडी तिराहे के पास पकड़ लिया। पुलिस ने जब आरोपियों की तलाश ली तो उनके पास से 500-500 रुपये के कुल 169 जाली करेंसी नोट (चौरासी हजार पॉच सौ रुपये) बरामद हुए. इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर कोतवाली लाया गया। सख्ती से की गई पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने गुरदासपुर पंजाब के ही रहने वाले एक व्यक्ति से असली 20 हजार रुपए देकर 500-500 रुपये के 200 नकली नोट यानी कुल एक लाख रुपए लिए थे।
आरोप है कि उन्हीं नकली नोटों को चलाने के लिए हरिद्वार आए थे। बीते रोज कुछ नकली नोट आरोपियों ने बाजार में खपा भी दिए। नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि नकली नोटों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से पांच सौ रूपये के नकली 169 नोट बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पूरे सिंडिकेट के बारे में जानकारी जुटाने के लिए सख्ती से पूछताछ की गई है।एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर इस पूरे सिंडिकेट के भांडाफोड़ एवं प्रकाश में आए मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने विशेष टीम का गठन किया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम⤵️
सरजीत सिंह पुत्र करनाल सिंह निवासी गीता दावा थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब आयु-58 वर्ष।
टिंकू पुत्र सरजीत सिंह निवासी गीता दावा थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब आयु- 29 वर्ष।
सुमित कुमार पुत्र संजीव कुमार निवासी अरोडी मौहल्ला थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब आयु- 20 वर्ष।
संजीव कुमार पुत्र रघुवीर सिंह निवासी अरोडी मौहल्ला थाना गुरदासपुर सिटी जिला गुरदासपुर पंजाब आयु- 47 वर्ष।
