हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर महिला से गैंगरेप और लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार,असलहा भी बरामद।
लक्सर (हरिद्वार)-15 जुलाई 2026
हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध तमंचा, चाकू, बाइक, महिला से लूटे गए झुमके, मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद हुई है।
हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, बीती 7 जुलाई 2026 की रात पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि तभी चार युवक तमंचे के बल पर घर में घुस आए और महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के कानों से झुमके लूटकर मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। अगले दिन यानी 8 जुलाई को पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। इसके साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकारी। इसके बाद उनकी निशानदेही और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, लूटे गए झुमके और मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से के साथ बैटरी बरामद भी की है। वहीं, मामले में पथरी थाना प्रभारी रविंद सिंह ने बताया कि बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। चारों आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है और ये भी जांच की जा रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक घटना से संबंध तो नहीं है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
शिवम पुत्र गंभीर (उम्र 24 वर्ष), निवासी- ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
शेखर पुत्र चादकीराम (उम्र 22 वर्ष), निवासी- ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
अरुण पुत्र दलीप (उम्र 23 वर्ष), निवासी- ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
विकास पुत्र राजेंद्र (उम्र 25 वर्ष), निवासी- ग्राम महाखड़ी, थाना सयाना, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)।
