सिल्कयारा सुरंग में हादसा,मलबा गिरने से झारखंड के रहने वाले एक मजदूर की मौत।
उत्तरकाशी:-16 जुलाई 2026
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। यहाँ के प्रसिद्ध सिल्कयारा सुरंग (Silkyara Tunnel) में अचानक एक कंक्रीट का हिस्सा गिर गया जिससे श्रमिक (मजदूर) की मौत हो गई है। यह हादसा उस समय हुआ जब सुरंग के अंदर निर्माण और रखरखाव से जुड़ा काम चल रहा था। काम के दौरान अचानक एक कंक्रीट का हिस्सा मजदूर के गर्दन पर गिर गया और मजदूर की मौत हो गई। मजदूर झारखंड का रहने वाला 25 वर्षीय युवक था सुरंग में काम करने वाली कंपनी ने मजदूर के परिजनों को जानकारी दे दी है और उन्हें उत्तरकाशी भी बुला लिया गया है।
जिलाधिकारी ने दिए हादसे के जांच के आदेश
सिल्क्यारा टनल निर्माण कार्य में बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरने से एक कार्मिक की मृत्यु की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर स्थिति का विस्तृत जायजा लें, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाएं और कार्यदायी संस्था के सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच करें। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता पहुंचाने व अन्य विधिक प्रक्रिया पूरी करने तथा टनल के भीतर अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व वैधानिक कदम तुरंत उठाए जाएं।
पहले भी सुर्खियों में रही है सिल्कयारा सुरंग
यह वही सिल्कयारा सुरंग है जो पिछले साल उस समय देश-दुनिया की सुर्खियों में आई थी, जब यहाँ एक बड़ा हादसा हुआ था और 41 मजदूर कई दिनों तक सुरंग के अंदर फंस गए थे। उस समय एक बेहद जटिल और बड़े पैमाने पर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस नए हादसे के बाद एक बार फिर सुरंग निर्माण के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों की सेफ्टी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित निर्माण कंपनी इस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है कि आखिर सुरक्षा उपायों के बावजूद यह मलबा कैसे गिरा।
