बागेश्वर में बाबू ने की स्कूल जाते समय प्रधानाचार्य की हत्या,चाकू से किये कई वार।
बागेश्वर:-18 जुलाई 2026
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना की खबर सामने आ रही है ,जहां पर राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य की स्कूल जाते समय बाबू ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बाबू ने प्रिंसिपल की हत्या क्यों की है इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले के सैंज निवासी व राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य 55 वर्षीय दयानंद टम्टा रोजाना की तरह आज शनिवार की सुबह भी स्कूल जा रहे थे। इस दौरान वह मुख्य सड़क तक अपनी गाड़ी से पहुंचे और आगे पैदल स्कूल के लिए जाने लगे। तभी विद्यालय वाले रास्ते पर पहले से विद्यालय का बाबू रास्ते में चाकू लेकर खड़ा था। जैसे ही प्रधानाचार्य स्कूल वाले रास्ते में पहुंचे तो बाबू ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले किए। यह प्रहार इतने घातक थे कि प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जैसे ही घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो उन्होंने तुरंत प्रधानाचार्य के परिजनों को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही गंभीर हालत में प्रधानाचार्य को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधानाचार्य की मौत के बाद से विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं पूरे क्षेत्र में डर का माहौल उत्पन्न हो गया है। शिक्षक समाज ने इस घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की मांग की है। बहरहाल पुलिस प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट चुकी है वहीं आरोपी की तलाश जारी है।
