देहरादून शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामले में पुलिस ने पति और ननद को किया गिरफ्तार।
देहरादून:-01 अगस्त 2026
टिहरी जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज में तैनात शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में दून पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। पौड़ी निवासी मां सीमा कंडारी ने 29 जुलाई को डोईवाला कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप है कि नवंबर 2025 में सृष्टि की शादी हर्रावाला निवासी सौरभ से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था।एसएसपी के निर्देश पर सीओ वंदना वर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित जांच कर मृतका का उत्पीड़न वाला वीडियो साक्ष्य के रूप में लिया। इसके आधार पर आज लक्ष्मण एन्क्लेव से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
उत्तराखण्ड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। विवाह के महज आठ महीने बाद हुई इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के आरोप में पति सौरभ खत्री और ननद चारू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपों की भी गहन जांच जारी है।
शादी के कुछ ही महीनों बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है, जबकि सृष्टि राजकीय विद्यालय में प्रवक्ता (शिक्षिका) थीं।परिजनों के अनुसार, विवाह के लगभग तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। इसके बाद सृष्टि को ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
दहेज की मांग और ‘मनहूस’ कहकर प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका की मां का आरोप है कि सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर लगातार परेशान किया जाता था। इतना ही नहीं, परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता और उसे अपशकुनी तथा मनहूस कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।परिजनों का कहना है कि यह उत्पीड़न लगातार बढ़ता गया और आखिरकार 29 जुलाई को उनकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मौत से पहले सामने आया कथित वीडियो।
सृष्टि की मौत के बाद एक कथित वीडियो भी सामने आया था। बताया गया कि,उस वीडियो को सृष्टि ने अपनी मौत से पहले बनाया था। जिसमे सृष्टि ने अपनी पीड़ा व दुख को बयां किया था। जिसके बाद से लगातार सृष्टि को न्याय व दोषियों को सख्त सजा की मांग उठने लगी है।
मां ने लगाए हत्या के आरोप
सीमा कंडारी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने पति और ननद को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने हर्रावाला क्षेत्र से सौरभ खत्री और उसकी बहन चारू को गिरफ्तार कर लिया।प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अन्य आरोपों की भी जांच जारी है।
मृतका की मां के दर्ज हुए बयान
शुक्रवार को मृतका की मां सीमा कंडारी डोईवाला कोतवाली पहुंचीं, जहां पुलिस ने उनके विस्तृत बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ वंदना वर्मा ने कहा कि मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा किसी भी तथ्य की अनदेखी नहीं की जाएगी।
परिवार बोला- रिश्ता बचाने की कोशिश करती रही सृष्टि।
सृष्टि की मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मीडिया से बात करने की स्थिति में न होने के कारण परिवार की ओर से उनके भतीजे हिमांशु ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सृष्टि अक्सर अपनी मां से अपनी परेशानियों का जिक्र करती थी, लेकिन पारिवारिक रिश्ते को बचाने की कोशिश में उसने कभी खुलकर विरोध नहीं किया। उनके अनुसार, शादी के बाद से वह लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना सह रही थी, लेकिन सामाजिक मर्यादा और परिवार की प्रतिष्ठा को देखते हुए उसने अपना दर्द सार्वजनिक नहीं किया। लगातार बढ़ते मानसिक दबाव ने उसे भीतर से पूरी तरह तोड़ दिया।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
कोतवाली पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते सृष्टि को न्याय और सहारा मिलता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
