हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें,दो युवकों की मौके पर मौत।

हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दो युवकों की मौके पर मौत।

हरिद्वार:-01 अगस्त 2026

उत्तराखण्ड के हरिद्वार जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। पथरी थाना क्षेत्र के कटारपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी की डोर टूट गई।

पुलिस के अनुसार, बादशाहपुर निवासी 24 वर्षीय सौरभ, पुत्र भरत सिंह, अपने एक रिश्तेदार को हरिद्वार छोड़ने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान फेरुपुर की ओर से 26 वर्षीय राजा, पुत्र राजू, निवासी पुरुषोत्तम नगर, पथरी बंगला, हरिद्वार, अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहा था। कटारपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के उपरांत शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है। मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक सौरभ के माता-पिता खेती और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वहीं दूसरे युवक राजा का परिवार भी आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत के बाद पथरी और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!