नाबालिग के साथ दुष्कर्म और गर्भवती करने के आरोपी युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

नाबालिग के साथ दुष्कर्म और गर्भवती करने के आरोपी युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

नंदानगर (चमोली)- 03 अगस्त 2026

महिलाओं व नाबालिग बच्चीयों के साथ दुष्कर्म व छेड़ छाड़ की घटनाएं थमने का नाम नही ले रही हैं, आये दिन प्रदेश के किसी न किसी जिले से इस प्रकार की शर्मनाक घटनाएं सामने आ रही हैं.इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि, अपराधियों के मन से कानून का डर व ख़ौफ़ खत्म हो चुका है। ऐसा ही एक मामला चमोली जनपद के नंदानगर विकासखंड से सामने आया है, जहां एक 21 वर्षीय युवक ने एक नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर दिया।

पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार नाबालिग युवती की मां ने थाना नंदानगर में तहरीर दी कि उसकी नाबालिग बेटी काफी समय से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी.जब उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय गोपेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच के उपरांत उसे लगभग 4 माह की गर्भवती बताया गया. बताया कि, इस संबंध में पूछताछ करने पर पीड़िता ने बताया कि राजेन्द्र लाल उम्र 21 वर्ष द्वारा उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया गया है। पीड़िता के बयान व प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा थाना नंदानगर में मु..सं.15/2026 अंतर्गत धारा 64(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 5(j)(2)/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने मामले को संवेदनशील मानते हुए थाना नंदानगर पुलिस को अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक चमोली ने निर्देशित किया व कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में थाना नंदानगर पुलिस द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर अभियुक्त राजेन्द्र लाल को कुरूड़ पुल से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा बताया गया कि,गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!