लक्सर में युवक की हत्या का खुलासा,गंगा में बाइक समेत डुबोया शव,चार आरोपी गिरफ्तार।

लक्सर में युवक की हत्या का खुलासा,गंगा में बाइक समेत डुबोया शव,चार आरोपी गिरफ्तार।

लक्सर (हरिद्वार):-13 अगस्त 2026

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में 2 अगस्त की रात से लापता चल रहे अंकित चौहान की गुमशुदगी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक अंकित की हत्या कर उसके शव को मोटरसाइकिल समेत गंगा नदी में फेंक दिया गया था। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान 2-3 अगस्त की रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों की शिकायत पर लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) की मदद से अंकित की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को गांव के ही कुछ लोगों के साथ उसकी पुरानी रंजिश का पता चला।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सचिन,मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी के नाम सामने आए। आरोप है कि पुरानी रंजिश के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से जुड़े खनन विवाद को लेकर अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद अंकित के शव को उसकी मोटरसाइकिल के साथ गंगा नदी में डाल दिया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से गंगा में सर्च अभियान चलाया गया। तलाश के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने अंकित का शव और उसकी मोटरसाइकिल बरामद कर ली। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अंकित चौहान उर्फ फौजी पहले खानपुर थाना क्षेत्र के एक हत्या के मामले में जेल जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!