रुड़की में किशोर पर फायरिंग,किशोर को लगी गोली,हायर सेंटर रेफर।

रुड़की में किशोर पर फायरिंग,किशोर को लगी गोली,हायर सेंटर रेफर।

रुड़की (हरिद्वार):-13 अगस्त 2026

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा में बुधवार शाम एक किशोर पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किशोर ने अपनी बहन के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध किया था,जिसके बाद कुछ युवकों ने उस पर फायर कर दिया। गोली किशोर के कूल्हे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर मोहनपुरा निवासी 17 वर्षीय प्रियांशु बुधवार रात खाना खाने के बाद मोहनपुरा गेट के आसपास टहल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि युवकों में से एक ने तमंचा निकालकर किशोर पर तान दिया। किशोर ने खतरा भांपकर वहां से भागने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर गोली चला दी। फायरिंग में गोली उसके कूल्हे में जा लगी। घायल किशोर मौके पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए।

परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले किशोर की बहन के साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की थी। किशोर ने इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ने और बाद में उस पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं, पुलिस जांच में इंटरनेट मीडिया पर की गई किसी टिप्पणी को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पोस्ट या टिप्पणी के बाद किशोर को कथित तौर पर धमकियां मिली थीं। हालांकि, गोली चलाने की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

गोली लगने के बाद परिजन घायल किशोर को रुड़की सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना मिली थी और मामले की जांच की जा रही है। अभी तक घटना के संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मोहनपुरा क्षेत्र में करीब दस दिन पहले भी फायरिंग की घटना सामने आई थी। उस समय एक पिज्जा कारोबारी को गोली मारने का प्रयास किया गया था। मामले में चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, उस मामले में अभी एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!