उत्तराखण्ड में फिर सक्रिय हुआ मानसून भारी बारिश का आरेंज अलर्ट,अगले चार दिन भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी।

उत्तराखण्ड में फिर सक्रिय हुआ मानसून भारी बारिश का आरेंज अलर्ट,अगले चार दिन भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी।

देहरादून:-16 अगस्त 2026

उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता दिख रहा है। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार के बाद शनिवार को भी जारी रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही,जबकि शाम होते-होते नैनीताल, चम्पावत समेत कई जिलों में तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रविवार को पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 अगस्त 2026 (रविवार) को देहरादून,चम्पावत, बागेश्वर, उधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं। इसे देखते हुए इन जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं, राज्य के शेष जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज गर्जना और बिजली चमकने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 अगस्त को देहरादून, पौड़ी और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जना, बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र वर्षा के दौर को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी भारी बारिश और तेज वर्षा की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है।

18 और 19 अगस्त को भी राहत के आसार नहीं

18 अगस्त को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ बारिश के तीव्र दौर की संभावना है। वहीं हरिद्वार और उधमसिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 19 अगस्त को बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। पर्वतीय जनपदों में तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी, जबकि हरिद्वार और उधमसिंह नगर में भी गर्जना और बिजली चमकने की संभावना है। इस दिन भी येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

लगातार सक्रिय हो रहे मानसून को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के आसपास न जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रदेश में आने वाले दिनों में भी मानसून का असर बरकरार रहने की संभावना है। ऐसे में विशेष रूप से पर्वतीय जिलों के लोगों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और पूरी सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!