गहरी खाई में गिरी पिकअप,उत्तरकाशी के युवक की दर्दनाक मौत,एक गंभीर घायल।

गहरी खाई में गिरी पिकअप,उत्तरकाशी के युवक की दर्दनाक मौत,एक गंभीर घायल।

त्यूणी (उत्तराकाशी):-16 अगस्त 2026

उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र से सामने आ रहा है, जहां त्यूणी तहसील के पुरटाड गांव के पास रविवार तड़के एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे तुंगाण क्षेत्र से त्यूणी की ओर आ रहा एक पिकअप वाहन पुरटाड गांव के पास अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे फिसलकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा पलटा।हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना त्यूणी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

दुर्घटना में वाहन सवार खजानदास (40 वर्ष) निवासी मोरी, उत्तरकाशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में मौजूद रवि, निवासी मोरी, गंभीर रूप से घायल हो गया। रेस्क्यू टीम ने घायल को खाई से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए त्यूणी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम प्रक्रिया पूरी की जा रही है। थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया कि,एक पिकअप वाहन संख्या (UK07-CB-6002) टियूटाड से त्यूणी की ओर आ रहा था। टियूटाड के समीप वाहन खाई में जा गिरा, वाहन मे दो लोगों के होने की बात सामने आ रही है, जबकि वाहन मालिक का कहना है कि दोनों में से कोई भी वाहन चालक नहीं हैं. आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया हो, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा के महत्व को सामने ला दिया है। वहीं, मृतक के परिवार में इस घटना के बाद शोक का माहौल है, जबकि घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!