AC में दौड़ा करंट,पिता पुत्री की चली गई जिंदगी,परिवार में मचा कोहराम।
हल्द्वानी:-18 अगस्त 2026
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है ,जहां पर एयर कंडीशनर के आउटडोर के बाहरी इकाई पर करंट दौड़ने से पिता पुत्री की जिंदगी चली गई। बताया जा रहा है यह घटना तब घटित हुई जब युवक एयर कंडीशनर की मरम्मत कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के हल्द्वानी बनभूलपूरा थाना क्षेत्र के लाइन नंबर 16 निवासी 45 वर्षीय नदीम सलमानी बीते सोमवार की देर रात को Ac की आउटडोर यूनिट में करंट आने की बात पर उसे चेक करने छत में पहुँचे। इस दौरान उनकी 12 साल की बेटी अल्जिबा उन्हें मोबाइल की टॉर्च से रोशनी दिखाने के लिए उनके साथ गई। इस दौरान जैसे ही नदीम ने Ac को छुआ तो उन्हें जोरदार झटका लगा। पिता को झटके से तड़पता देख अल्जिबा ने तुरंत मोबाइल फेंक उन्हें खींचने का प्रयास किया लेकिन पिता को छूते ही बेटी को भी करंट लग गया जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से घायल होकर अचेत अवस्था में गिर पड़े। जैसे ही परिजनों ने दोनों की चीख पुकार सुनी तो वह तुरंत छत पर पहुंचे जिसके बाद घटनास्थल पर आसपास के लोग भीड़ एकत्रित हो गई। परिजनों द्वारा करंट की चपेट में आए दोनों घायलों को राजकीय सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताते चलें नदीम अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है नदीम मुखानी क्षेत्र में कार गैराज चलाते थे। नदीम और उनकी बेटी की मौत के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
इस घटना पर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का गम्भीर आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत पोल से करंट आने की समस्या को लेकर विभाग से पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया जिसके कारण आज इतनी बड़ी घटना घटित हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई की होती तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
