गैरसैंण में समीक्षा बैठक में गढ़वाल कमिश्नर ने सुनी 66 समस्याएं,शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश।
गैरसैंण:- 18 अगस्त 2026
रिपोर्ट- पुष्कर सिंह रावत.
सूबे की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में ब्लॉक सभागार में जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। गैरसैंण पहुंचने पर राज्य मंत्री रामचन्द्र गौड़, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत,नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी,जिला पंचायत सदस्य सुरेश बिष्ट,अनीता रावत,जगदीश घण्ड्याली सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने कमिश्नर का गैरसैंण पहुंचने पर स्वागत किया। इस दौरान गैरसैंण विकासखंड के जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को गढ़वाल कमिश्नर के सामने रखा. गढ़वाल कमिश्नर ने शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो समस्याएं तत्काल निस्तारित नहीं हो सकती हैं,उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनप्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्रीय समस्यायें
इस दौरान कोठा वार्ड से जिला पंचायत सदस्य सुरेश कुमार बिष्ट ने गैरसैंण अस्पताल का मामला उठाते हुए कहा कि यह अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गया है,उन्होंने शीघ्र विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने पटवारियों का मामला उठाते हुए कहा कि गैरसैंण तहसील में पटवारियों की कमी के चलते ग्रामीणों के कार्य समय पर नही हो पा रहे हैं,जिससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं उन्होंने कहा कि पटवारी अपनी पटवारी चौकियों में नही बैठ रहे हैं जिस कारण जनता को कठनाईयों का सामना करना पड़ रहा है.आपदा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि,आपदा में ग्रामीणों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा नही मिल पा रहा है. वहीं उन्होंने कुनिगाड़-खजुरखाल-दुर्गा देवी मोटर मार्ग व रोहिड़ा-देवस्थानम सड़क के शीघ्र निर्माण करने की मांग की.सुरेश बिष्ट ने गुलदार द्वारा मारे गए जानवरो का शीघ्र मुआवजा देने व सुंवर,बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए तारबाड़ लगाए जाने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य बछुवाबाण अनीता रावत ने माईथान बाजार में पार्किंग निर्माण व बहुउद्देश्यीय भवन बनाये जाने की मांग की,उन्होंने अपनी मांगों पर अतिशीघ्र कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि पार्किंग की कमी से जूझ रहे माईथान बाजार में आये दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. जिसका शीघ्र निदान होना अति आवश्यक है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने,गैरसैंण को नगर पालिका बनाये जाने व गैरसैंण को जिला बनाये जाने की मांग रखी, वहीं उन्होंने गैरसैंण में शीघ्र वाहन पार्किंग निर्माण कराये जाने की मांग की।
प्रधान संघ अध्यक्ष मनोज नेगी ने बीबीजी रामजी (पूर्व में मनरेगा) योजना के अंतर्गत ऑनलाइन हाजिरी,फेसरीडिंग व नेटवर्क की समस्या के कारण आ रही कठनाईयों का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि,विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण मोबाइल नेटवर्क व इंटरनेट सुविधा उपलब्ध न होने के चलते ऐसी स्थिति में कार्यस्थल से ऑनलाइन हाजरी दर्ज करना ग्राम प्रधानों व श्रमिकों के लिए कठिन है.कहा कि, इस समस्या के समाधान के लिए ऑफलाइन हाजरी की व्यवस्था की जानी चाहिए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य ने दाड़मडाली से पंचाली मोटर मार्ग की अप्रोच रोड बनाये जाने की मांग रखी। उन्होंने कार्यदायी संस्था ब्रिज एंड रूफ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अप्रोच मार्ग न बनने के कारण लगातार दुर्घटनायें हो रही हैं। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गैरसैंण में ही सेंटर बनाये जाने की मांग की व गैरसैंण में आंगनबाड़ी व जेएनएम ट्रैनिंग सेंटर खोलने की मांग रखी।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवपुरी हरेंद्र कंडारी ने विनायकधार-कसवीनगर मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण सहित,गाजियाबाद-पत्थरकट्टा सड़क मार्ग को मुख्य मोटर मार्ग से जोड़ने व पुल के अप्रोच मार्ग के मामलों को उठाया.वहीं उन्होंने देवपुरी ग्राम पंचायत के क्षेत्रफल व जनसंख्या को देखते हुए तीन ग्राम सभायें बनाये जाने की मांग रखी। इस पर आयुक्त ने प्रस्ताव भेजने की बात कही।
मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट निवासी सुरेंद्र सिंह ने धोखाधड़ी से उनकी भूमि बेचे जाने व जमीन की रजिस्ट्री से पूर्व शिकायत करने के बाउजूद जमीन की रजिस्ट्री किये जाने का मामला गढ़वाल कमिश्नर के सामने उठाया। जिस पर गढ़वाल कमिश्नर ने जांच की बात कही।
टेंटुडा ग्राम प्रधान ने गांव में पंचायत घर व बरात घर,टेंटुडा-नैणी मोटर मार्ग पर पुल निर्माण व गांव में शहीदों के नाम पर स्मारक बनाये जाने की मांग की। वहीं,कांग्रेस नेता दान सिंह नेगी ने लाटूगैर फील्ड को स्टेडियम बनाने की मांग रखी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पज्याणा अरविंद रावत ने जर्जर हो चुके विद्यालय भवन की मरमत की मांग रखी,इस पर आयुक्त ने कहा कि भवन बहुत पुराना हो चुका है,उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर नए भवन बनाये जाने के निर्देश दिए।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ने समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं के निदान करने की गुजारिस की,उन्होंने गढ़वाल कमिश्नर से गुजारिस करते हुए कहा कि बैठक में आई सभी समस्याओं का तुरंत समाधान हो इसके लिए आप अधिकारियों को आदेशित करेंगे। इस दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने दिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालय में बैठकर नहीं किया जा सकता। अधिकारी गांवों और फील्ड में अपने भ्रमण बढ़ाएं तथा जिस स्थान से शिकायत प्राप्त हुई है वहां जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को सुनना जितना जरूरी है,उनका समाधान करना भी उतना ही जरूरी है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समीक्षा बैठक में प्राप्त शिकायतों को केवल पत्राचार तक सीमित न रखें, बल्कि मौके पर जाकर समस्या की वास्तविकता की जांच करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में फील्ड विजिट बढ़ाते हुए जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से सीधा संवाद करें,ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।
गैरसैंण के विकास में अपना योगदान दूं-कमिश्नर
कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि, वो चाहते हैं कि गैरसैंण की तरक्की में वो अपना योगदान दें,अधिकारियों से उन्होंने यहां की समस्याओं को लेकर बात की। कहा कि जो भी समस्या है उसका पत्र मुझे सौंपा जाय, जिसपर तुरंत कार्यवाही की जाएगी। कहा कि वो गैरसैंण के एसडीएम रह चुके हैं और यहां की भौगोलिक परिस्थितियों से भली भांति वाकिफ हैं। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर देते हुए जनप्रतिनिधियों से कहा कि वो किसी भी समय अपनी समस्याओं को लेकर उनसे बात कर सकते हैं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गैरसैंण अबरार अहमद, खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी,तहसीलदार हरीश चंद्र पांडे,कोतवाल मनोज सिरोला,आधिसाशी अधिकारी नगर पंचायत अरुण कुमार सैनी,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
