नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर बोल्डर की चपेट में आने से मशीन ऑपरेटर की मौत।
नारायणबगड़ (चमोली)-31 अगस्त 2026
रिपोर्ट:-रजपाल बिष्ट.
नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर सड़क से मलबा और पत्थर हटाने के दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से मशीन ऑपरेटर की मौत हो गई।
सोमवार को वन पंचायत सीरी क्षेत्र में नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर मलबा, पत्थर और बोल्डर हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबे के साथ बोल्डर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से मशीन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल सोमपाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आपरेटर को मृत घोषित कर दिया। मृतक आपरेटर सोमपाल (27) देहरादून के विकासनगर का निवासी बताया जा रहा है।
ग्राम पंचायत सीरी के प्रधान भगवती प्रसाद सती ने हादसे पर गहरा दुख और रोष जताते हुए कहा कि वन पंचायत सीरी क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने की समस्या बनी हुई है। ऐसे में सड़क से मलबा हटाने वाले कर्मचारियों और मार्ग से गुजरने वाले आम लोगों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बनी है। कहा कि यदि सड़क साफ करने के दौरान विभागीय कार्य में लगे कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो स्कूली बच्चों, वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि आपात स्थिति में रात के समय एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और संबंधित विभाग ने मार्ग पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए तो क्षेत्रीय जनता को जिलाधिकारी कार्यालय पर आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
