रामनगर:स्कूल ड्रेस में मिलीं दो नाबालिग छात्राएं, होटल सील।

रामनगर:स्कूल ड्रेस में मिलीं दो नाबालिग छात्राएं, होटल सील।

रामनगर (नैनीताल)- 19 अप्रैल 2026

रामनगर के हिम्मतपुर डोटियाल क्षेत्र में स्थित कोजी कैफे होटल एवं होमस्टे में पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग छात्राओं को बरामद किया है। दोनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं और कमरे में उनके साथ दो युवक भी मौजूद पाए गए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि छात्राओं को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। बताया जा रहा है कि इस घटना की जानकारी पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी द्वारा दी गई, जिसके बाद पुलिस ने बिना देर किए छापेमारी की। मौके पर होटल में दो युवक मौजूद पाए गए, जिनसे पूछताछ जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल प्रबंधन ने कमरा देने से पहले पहचान पत्र (ID) की जांच नहीं की। इसे गंभीर चूक मानते हुए पुलिस ने होटल को तत्काल सील कर दिया।
इसके साथ ही होटल में संचालित हुक्का बार को भी बंद करा दिया गया है। पुलिस ने जांच के लिए होटल के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को कब्जे में लेकर पूरे घटनाक्रम की गहराई से पड़ताल शुरू कर दी है।

स्कूल और अभिभावकों पर भी उठे सवाल⤵️

सूत्रों के अनुसार, दोनों छात्राएं शहर के एक इंटर कॉलेज की बताई जा रही हैं। इस घटना के बाद स्कूलों की निगरानी व्यवस्था और छात्रों की उपस्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं.स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल से अनुपस्थित रहने वाले छात्रों की सूचना अभिभावकों तक समय पर पहुंचनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

पुलिस के अनुसार मामला बेहद संवेदनशील है और हर एंगल से जांच की जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि दोनों छात्राएं नाबालिग हैं। इसलिए पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है,फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!