गैरसैंण क्षेत्र के कंडारीखोड-कुन्नीगाड मोटर मार्गों पर मलवा आने से ग्रामीण परेशान।

गैरसैंण क्षेत्र के कंडारीखोड-कुन्नीगाड मोटर मार्गों पर मलवा आने से ग्रामीण परेशान।

मेहलचौरी (गैरसैंण):-01 सितंबर 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला.

सोमवार रात से जारी बारिश के चलते से विकासखंड गैरसैंण के कई ग्रामीण सडक मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। माईथान बाजार से 4 किलोमीटर दूर दिवागाढ-कंडारीखोड मार्ग के किलोमीटर तीन पर चौरासैंण गांव के पुल के एक छोर पर भारी मात्रा में भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया है। पुल के पास चट्टान का एक हिस्सा खिसककर आने से भारी मात्रा में मलवा ओर बोल्डर जमा हो गये हैं । जिससे पुल को भी खतरा बना हुआ है। वाहनों का आवागमन ठप्प होने से चौरासैंण,गोगीना,शीला,जसकोला,कंडारीखोड तल्ला, व कंडारीखोड मल्ला के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों को 5 से 6 किलोमीटर पैदल दूरी नापनी पड रही है। वहीं स्कूली विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । पुल के पास गिरी चट्टान को स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर किसी तरह पार कर रहे हैं।

संजय रावत ने बताया कि पुल के पास मलवा ओर बोल्डर आने से वाहनों का आना-जाना बंद होने के बाद जानजोखिम में डाल रास्ते को पैदल पार कर रहे हैं। पीएमजीएसवाई के कनिष्ठ अभियंता प्रदीप नौटियाल ने बताया कि सूचना के बाद मंगलवार सुबह ही जेसीबी को मौके पर भेज दिया गया था,लेकिन पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से आये बडे पत्थरों को हटाना मुश्किल हो रहा है ,सडक खुलवाने को लेकर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कुनीगाड क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क के कल्याणा तल्ला गांव के समीप हो रहे लगातार भूस्खलन व गधेरे में आ रहे मलवे के कारण सडक बाधित होने से ग्रामीणों को आए दिन परेशानी हो रही है।

मंगलवार सुबह भी वाहनों का आवागमन कई घंटे तक बाधित रहा। स्यूणी मल्ली गांव को जोड़ने वाली सड़क के आगरचट्टी के ऊपरी गधेरे में सड़क के बीचो-बीच बह रहे झरने में भारी मात्रा में पानी आने से सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हुई है।वहीं आवागमन करने वालों को भी खतरा बना हुआ है। झरने में बड़ी मात्रा में पानी आने के चलते सड़क को नुकसान की आशंका बनी हुई है। लखेडी गांव को जोड़ने वाली कच्ची सड़क पर पसरा मलवा लोगों के लिए आफत बना हुआ है। बारिश के दिन ग्रामीण वाहनों को धक्का मारकर किसी तरह पार करने को मजबूर हैं,वहीं दुपहिया वाहनों के रपटने से वाहन सवार लगातार चोटिल हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!