खानापूर्ति:-गैरसैंण तहसील दिवस में फरियादियों का टोटा,जनता व जनप्रतिनिधि रहे नदारद।

खानापूर्ति:-गैरसैंण तहसील दिवस में फरियादियों का टोटा,जनता व जनप्रतिनिधि रहे नदारद।

गैरसैंण:-01 सितंबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत

गैरसैंण विकासखंड कार्यालय के सभागार में आज मंगलवार को उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग/गैरसैंण अलकेश नोडियाल की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया।

तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के 30 से अधिक अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन फरियादियों की संख्या न के बराबर रही। पूरे तहसील दिवस में केवल 34 शिकायतें ही दर्ज की गई,जबकि इनमें से तीन से चार शिकायतें एक ही जनप्रतिनिधि द्वारा दर्ज करवाई गई थी।

मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों का कहना था कि तहसील दिवस के आयोजन की पर्याप्त जानकारी लोगों तक नहीं पहुंच सकी,जिस कारण अधिकांश लोग शिविर में नहीं आ पाए। उन्होंने तहसील प्रशासन से भविष्य में तहसील दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की मांग की,ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकें।

क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य ने कहा कि,तहसील दिवस में जनता व जनप्रतिनिधियों के न पहुंचने का सबसे बड़ा कारण जनता तक जानकारी न पहुंचना है। कहा कि,जनप्रतिनिधियों तक को समय पर सूचना उपलब्ध नहीं करवाई जाती है,जिस कारण तहसील दिवस मात्र खानापूर्ति बनकर रह गए हैं। वीरेंद्र आर्य ने बताया कि,तहसील दिवस में मात्र 7 से 8 जनप्रतिनिधि ही पहुंच पाए हैं।कहा कि तहसील प्रसाशन द्वारा प्रचार प्रसार व समय पर सूचना उपलब्ध करवाई जाती तो निश्चित रूप से लोग तहसील दिवस का लाभ उठाते। कहा कि हर बार इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाता है या फिर बीडीसी बैठक होती है उसमें तमाम समस्याओं को उठाया जाता है लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है।

नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि,नगर का प्रथम नागरिक होने के चलते उन्हें भी तहसील दिवस की सूचना दी जानी चाहिए थी, लेकिन उन्हें भी मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि गैरसैंण में तहसील दिवस आयोजित हुआ है। कहा कि, सरकार द्वारा जनता की शिकायतों के समय पर निस्तारण के लिए तहसील दिवस आयोजित किए जाते हैं लेकिन तहसील प्रसाशन द्वारा सूचना उपलब्ध न कराना कई सवाल खड़े करता है।मोहन भंडारी ने कहा कि, तहसील दिवस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किए जाने चाहिए न कि खानापूर्ति के लिए।उन्होंने कहा कि, इससे पूर्व में भी बहुउद्देश्यीय शिविर और तहसील दिवस आयोजित किए जाते रहे हैं लेकिन दूर दराज से आने वाले ग्रामीण समस्याओं का समाधान न होने पर अपने आप को ठगा सा महसूस करते हैं।उन्होंने कहा कि सरकार व अधिकारियों को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए जिससे जनता में भी विश्वास पैदा हो।

इस दौरान उपजिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को सुनकर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। हालांकि, कम संख्या में फरियादियों के पहुंचने को लेकर तहसील दिवस की सूचना व्यवस्था पर सवाल भी उठे।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत,ज़िला पंचायत सदस्य जगदीश रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य, ग्राम प्रधान सुरेंद्र नेगी,खण्ड विकास अधिकारी पवन कंडारी,तहसीलदार हरीश चंद्र पांडे, चिकित्सा अधीक्षक अर्जुन रावत,अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत अरुण कुमार सैनी सहित जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!