चमोली में घास काटने गई महिला की खाई में गिरकर मौत।
चमोली:-13 सितंबर 2026
चमोली जिले से एक बेहद दुखद हादसे की खबर सामने आ रही है। कर्णप्रयाग ब्लॉक की तेफना ग्राम पंचायत में जंगल से घास लेने गई 36 वर्षीय महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान तेफना गांव निवासी सावित्री देवी, पत्नी दरवान सिंह, के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी रविवार को गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। जंगल में पहुंचने के बाद तीनों महिलाएं अलग-अलग स्थानों पर घास काट रही थीं। इसी दौरान सावित्री देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह ढलान से नीचे गहरी खाई में जा गिरीं। साथ गई महिलाओं को जब काफी समय तक सावित्री देवी दिखाई नहीं दीं तो उन्होंने आसपास के जंगल में उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर तलाश शुरू की और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद नंदप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के क्षेत्र में तलाश की। काफी प्रयास के बाद सावित्री देवी गहरी खाई में मिलीं, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और जरूरी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
