केदारनाथ यात्रा हुई सुचारु,चीरवासा में क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग दुरुस्त,सुरक्षा बलों की निगरानी में आवाजाही शुरू।
सोनप्रयाग में रुके करीब दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं को भी भेजा गया केदारनाथ।
रुद्रप्रयाग:-15 सितंबर 2026
केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर चीरवासा के समीप क्षतिग्रस्त हिस्से की सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी किए जाने के बाद पैदल आवाजाही सुचारु कर दी गई है। मंगलवार, 15 सितंबर को गौरीकुंड से करीब ढाई किलोमीटर आगे चीरवासा के पास पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई थी।
मार्ग को सुचारु करने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था के श्रमिकों के साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों ने सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से की साफ-सफाई की। इसके बाद केदारनाथ धाम से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षा बलों की निगरानी में प्रभावित स्थान से सुरक्षित पार कराकर गौरीकुंड की ओर भेजा गया।
मार्ग पर पैदल आवागमन शुरू होने के बाद सोनप्रयाग में रोके गए श्रद्धालुओं को भी केदारनाथ धाम की ओर रवाना किया गया। मौके पर तैनात पुलिस और एसडीआरएफ के जवान लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित तरीके से संचालित कराया जा रहा है।
प्रशासन एवं पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि मौसम और पैदल मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें और पुलिस-प्रशासन एवं सुरक्षा बलों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें। मार्ग में किसी भी प्रकार की स्थिति उत्पन्न होने पर सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों को प्राथमिकता दें।
