बुजुर्ग मां को पीट-पीटकर किया अधमरा,आरोपी बेटा गिरफ्तार।
देहरादून:-15 सितंबर 2026
शहर के थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में एक बुजुर्ग विधवा महिला ने अपने बड़े बेटे और बहू पर मारपीट, गाली-गलौज और घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस से शिकायत कर दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बुजुर्ग महिला की शिकायत के आधार पर बेटे के खिलाफ थाना क्लेमेंटटाउन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, टर्नर रोड निवासी बुजुर्ग महिला सत्या राठौर ने 14 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई कि उनके पति आरआर राठौर का 8 मई 2025 को निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने दो बेटों के साथ पति के मकान के अलग-अलग हिस्सों में रह रही हैं। महिला का आरोप है कि उनका बड़ा बेटा विश्वदीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता राठौर मकान पर कब्जा करने की नीयत से उनसे और उनके पति से पहले भी झगड़ा करते रहे हैं। शिकायत में बुजुर्ग महिला ने बताया कि, उनके पति ने 25 अक्टूबर 2017 को ही अपने बड़े बेटे और बहू की हरकतों को देखते हुए अपनी चल-अचल संपत्ति से उन्हें बेदखल कर दिया था। इसकी शिकायत उनके पति ने पहले ही एसएसपी देहरादून को दे दी थी।
महिला का आरोप है कि,पति की मृत्यु के बाद 17 अगस्त 2025 को उनके बड़े बेटे और बहू ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की और उन्हें घर से निकालने की धमकी दी. इस घटना की जानकारी पहले ही पुलिस को दी जा चुकी है और मामले में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। बुजुर्ग महिला के मुताबिक, सुरक्षा के लिए उन्होंने घर में कैमरे लगवाए थे, जिन्हें बेटे और बहू ने तोड़ दिए. महिला ने उस दौरान आशंका जताई कि दोनों से उनकी जान-माल को खतरा हो सकता है। उसके बाद बुजुर्ग ने 3 सितंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को शिकायत देकर अपने बड़े बेटे विश्व दीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी. लेकिन मुकदमा नहीं हुआ था।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 14 सितंबर को बेटे विश्व दीपक राठौर ने अपनी बुजुर्ग माता के साथ मारपीट और गाली गलौज किया। जिसके बाद आरोपी बेटे विश्व दीपक राठौर के खिलाफ आज थाना क्लेमेंटटाउन में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी विश्व दीपक राठौर अपनी माता के साथ मारपीट कर रहा था। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
