गैरसैंण के नव निर्मित कोतवाली भवन का पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने किया निरीक्षण।

गैरसैंण के नव निर्मित कोतवाली भवन का पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने किया निरीक्षण।

सप्ताहभर में छुटे कार्य पूरे करने के निर्देश,कोतवाली परिसर में नवनिर्मित मंदिर का भी हुआ उद्घाटन।

बाजार चौकी जल्द शुरू किए जाने की कही बात।

गैरसैंण:-24 सितंबर 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला.

गुरूवार को गैरसैंण नगर में नवनिर्मित कोतवाली भवन का पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पंवार द्वारा गहन निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये गये। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कोतवाली परिसर में नवनिर्मित मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में भी शामिल हुए। नवनिर्मित मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में नजदीकी ग्वाड तल्ला की महिलाओं द्वारा भजन कीर्तन का आयोजन किया गया,मंदिर में स्थापित शिवलिंग और भगवान कृष्ण की मूर्तियों की विधिवत स्थापना के साथ पंडित शिवदत्त पाठक ने मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न पूजा-अनुष्ठान संपन्न किए गये,हवन यज्ञ के साथ भंडारे का आयोजन किया गया।इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में  पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने नए कोतवाली भवन के निरीक्षण के दौरान विभिन्न कक्षों और व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कोतवाली भवन में बने पूछताछ केन्द्र,महिला हेल्प डेस्क,सीसीटीवी एवं डिजिटल कंट्रोल रूम,प्रभारी निरीक्षक कक्ष,थाना कार्यालय,असलहों का मालखाना,उपनिरीक्षक कक्ष तथा महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के लिए बनाए गए अलग-अलग बैरकों का निरीक्षण किया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली भवन में बिजली,पानी और इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्थाओं की भी जांच की। उन्होंने कहा कि नया कोतवाली भवन लगभग तैयार हो चुका है। भवन में कुछ कार्य शेष हैं, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश निर्माणदायी संस्था को दिए गए हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद नए भवन का लोकार्पण कार्यक्रम अक्टूबर माह में आयोजित किया जाएगा।

गैरसैंण के पुराने कोतवाली भवन पर बाजार चौकी संचालित किये जाने के स्थानीय लोगों की मांग के सवाल पर उन्होंने कहा की इसके लिए जरूरी कार्यवाही की जा रही है,जिसकी अनुमति मिलने पर चौकी संचालित की जाएगी।

इस अवसर पर सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा,कोतवाल गैरसैंण मनोज सिरोला,वरिष्ठ उपनिरीक्षक संदीप देवरानी,चौकी इंचार्ज मेहलचौरी बिसनालाल,चौकी इंचार्ज माईथान अरुण कुमार,आदिबदरी के अनिल आगरी,एलआईयू उपनिरीक्षक अनूप ढौंडियाल,एएसआई हेम चंद्र दुर्गापाल,हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र बिष्ट,आदीबद्री मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा,हरेंद्र कंडारी,पंकज गैडी,एच एस रावत सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!