रुद्रपुर में पिता पर बेटी के शोषण का आरोप,मां ने शिकायत करवाई दर्ज,पुलिस जांच में जुटी।
ऊधम सिंह नगर:-25 सितंबर 2026
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आ रहा है। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने अपने पिता पर कई वर्षों से यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती ने अपनी मां के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
बेटी ने शिकायत में लगाए गंभीर आरोप
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि उसके पिता लंबे समय से उसका शोषण कर रहे थे। युवती के मुताबिक, विरोध करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा और धमकियों के डर से वह काफी समय तक इस बारे में किसी को नहीं बता सकी। युवती ने बताया कि हाल ही में एक रात उसके पिता उसके कमरे में आए। इसी दौरान उसकी मां ने कथित घटना देख ली। इसके बाद युवती ने अपनी मां को पहले की घटनाओं के बारे में भी जानकारी दी। मां के साथ वह पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की शिकायत की। पीड़िता की मां का कहना है कि उसे पहले बेटी के साथ हो रही कथित घटनाओं की जानकारी नहीं थी। महिला के मुताबिक, एक रात उसे अपनी बेटी के कमरे में संदिग्ध स्थिति दिखाई दी। इसके बाद उसने पति से सवाल किया तो कथित तौर पर उसे भी धमकाया गया। मां ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित है और मामले में निष्पक्ष जांच चाहती है। परिवार की ओर से सुरक्षा की मांग भी की गई है।
बताया गया है कि 19 वर्षीय युवती अभी पढ़ाई कर रही है। आरोपी पिता मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है और ड्राइविंग का काम करता है। परिवार में एक बेटा भी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी और युवती की मां दोनों की यह दूसरी शादी है।
शिकायत के आधार पर जांच शुरू
युवती ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में 25 जून की देर रात की घटना का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी क्राइम अनुष्का पटोला ने दिए जांच के आदेश।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी क्राइम अनुष्का पटोला ने बताया कि शिकायत का तत्काल संज्ञान लिया गया है। उन्होंने ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसपी क्राइम के अनुसार पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोप गंभीर हैं और पूरे मामले की जांच तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।उन्होंने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान में घटना के लंबे समय से चले आने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में आरोपी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
