ग्रामीण परिवेश से निकलकर गैरसैंण के गजे सिंह भंडारी ने हासिल किया लोअर पीसीएस में सफलता का मुकाम,बने खाद्य आपूर्ति निरीक्षक।
गैरसैंण:-26 सितंबर 2026
सफलताएं हमें सिखाती हैं कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों,यदि आपके पास धैर्य,अनुशासन और कड़ी मेहनत का जज्बा है,तो सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है,गैरसैंण विकासखंड के दूरस्थ गांव घंडियाल मल्ला के ग्रामीण परिवेश से निकलकर गजे सिंह ने,जिनका अपनी कड़ी मेहनत,संघर्ष व निरंतर प्रयास के दम पर उत्तराखंड लोअर पीसीएस परीक्षा में सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयन हुआ है।
गजे सिंह ने शिक्षा और नौकरी के साथ-साथ यूपीएससी व पीसीएस की तैयारी जारी रखी। उन्होंने उत्तराखंड पीसीएस के दो इंटरव्यू तथा वर्ष 2021 में लोअर पीसीएस का एक इंटरव्यू भी दिया था,लेकिन इन प्रयासों में उन्हें सफलता हांसिल नहीं हो पाई। उनके लगातार प्रयास और मेहनत के बाद आखिरकार उत्तराखंड लोअर पीसीएस परीक्षा 2024-25 में उनका चयन सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गैरसैंण स्थित सरस्वती विद्या मंदिर से हुई। इसके बाद उन्होंने पॉलिटेक्निक से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया तथा उसके बाद स्नातक की पढ़ाई पूरी की और इसी दौरान नौकरी भी की।
गजे सिंह वर्तमान में शिवालिक G.S. इंस्टीट्यूट देहरादून के संचालक एवं अभ्यर्थियों के मार्गदर्शक के रूप में भी कार्य कर रहे हैं.बड़ी बात ये है कि इस बार उनकी स्वयं की सफलता के साथ-साथ उनके मार्गदर्शन में तैयारी करने वाले तीन अभ्यर्थियों का भी चयन हुआ है।एक साथ स्वयं और अपने अभ्यर्थियों की सफलता ने उनके लिए इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया है।
उनके पिता पान सिंह भंडारी भारतीय सेना से रिटायर हैं तथा माता गृहणी हैं.उनके बड़े भाई सतेंद्र सिंह भंडारी जो कि लोकनिर्माण विभाग में कनिष्ठ अभियंता हैं तथा दो बहने हैं जो कि रामनगर और देहरादून में रहती हैं।
अपनी सफलता पर गजे सिंह भंडारी ने कहा कि यह उनके लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता,पत्नी,भाई-बहनों,अपने भैया भाभी,प्रियजनों और अपने जीवन में बचपन से लेकर आज तक मार्गदर्शन देने वाले सभी गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना उनके लिए एक लंबा संघर्ष रहा है और इस सफलता में परिवार, प्रियजनों तथा गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उनकी इस सफलता पर विधायक अनिल नोटियाल,नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी,जिला पंचायत सदस्य कामेश्वरी देवी,हीरा सिंह फनियाल,उनके बड़े भाई सतेंद्र भंडारी,ग्राम प्रधान पूजा देवी सहित जन प्रतिनिधियों व क्षेत्रीय जनता ने बधाई दी है।
